Lok Sabha Polls: कांग्रेस की उम्मीदें चकनाचूर! मेघालय के तुरा से TMC ने जेनिथ संगमा को मैदान में उतारा
Lok Sabha Election: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मंगलवार रात पूर्व मंत्री जेनिथ संगमा को मेघालय के तुरा से अपना उम्मीदवार घोषित किया। यह ऐलान मंगलवार को पार्टी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किया। यह सीट अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है।
मेघालय में कुल 2 लोकसभा सीटें हैं। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने अभी एक सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। जेनिथ की उम्मीदवारी की घोषणा तृणमूल कांग्रेस द्वारा पश्चिम बंगाल में अपने सभी 42 उम्मीदवारों की घोषणा करने के दो दिन बाद की गई है।

कांग्रेस की उम्मीदें चकनाचूर
जेनिथ की उम्मीदवारी की घोषणा तृणमूल कांग्रेस द्वारा पश्चिम बंगाल में अपने सभी 42 उम्मीदवारों की घोषणा करने के दो दिन बाद आई, जिससे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन की कांग्रेस की सभी उम्मीदें धराशायी हो गईं। इससे पहले, कांग्रेस ने संकेत दिया था कि वह पश्चिम बंगाल में गठबंधन के लिए तृणमूल के लिए तुरा का त्याग करने को तैयार है, लेकिन पिछले हफ्ते उसने इस सीट के लिए एक उम्मीदवार की घोषणा की।
2019 में कांग्रेस के टिकट पर मुकुल संगमा ने तुरा में 41.24 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। लेकिन, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा की बहन अगाथा से हार गए थे। तृणमूल सूत्रों ने कहा कि पार्टी जल्द ही असम के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।
जेनिथ संगमा के बारे में जानें
22 नवंबर 1971 को जन्में जेनिथ संगमा, पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा के भाई हैं, जो कांग्रेस छोड़कर तृणमूल में शामिल हो गए और पूर्व खेल मंत्री हैं। इनकी शैक्षिक योग्यता बीए हैं। 1989 में साधिया संगमा से उनकी शादी हुई। इनके तीन बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। मेघालय विधानसभा 2023 के चुनाव में रंगसाकोना निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता मुकुल संगमा के भाई जेनिथ संगमा, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के उम्मीदवार सुभीर मराक से हार गए थे।












Click it and Unblock the Notifications