चुनावी गर्मी में चली रामभक्ती की ठंडी बयार! रामनवमी से पहले PM मोदी से मिले रामलला मूर्तिकार
2024 के चुनावी सफर ने अब रामभक्ती का रूख कर लिया है। इसकी अहम वजह आगामी 17 अप्रैल को राम नवमी का पर्व है। इस अवसर पर लाखों भक्त अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में उमड़ेंगे। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मैसूर में भगवान रामलला की मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज से हुई मुलाकात लोगों का ध्यान केंद्रित जरूर कर रही है।
यह मुलाकात मैसूर के महाराजा कॉलेज ग्राउंड में रविवार को हुई। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस भेंट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है। जिसमें योगीरीज कुछ लोगों के साथ मोदी को नमस्कार करते नजर आ रहे हैं। पीएम भी उनका अभिवादन स्वीकार करते हैं। आइए जानते हैं क्या बोले योगीराज?

'मुझसे रामलला ने बनवाया'
रामलला को जीवित महसूस कराने वाली उनकी आंखों को लेकर एएनआई से बात करते हुए मूर्तिकार अरुण योगीराज ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि कई बार रामलला की आंखों को लेकर सवाल पूछा जाता है कि लेकिन, मैंने नहीं बनाया, उन्होंने मुझसे खुद बनवाया है। रामलला की मूर्ति को देखने वाला हर शख्स यह महसूस करता है कि जैसे वे उससे बात कर रहे हों।
मैसूर के उम्मीवार के बारे में क्या बोले योगीराज?
लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे अपने निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार के बारे में वह क्या सोचते हैं? इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि शाही परिवार ही वह कारण है, जिसके कारण मैसूर इतना सुंदर है। परिवार का योगदान बहुत बड़ा है। मैसूर के लोग शाही परिवार के साथ भावनात्मक रूप से बहुत जुड़े हुए हैं, जिनमें मैं भी शामिल हूं। हमें मतदान करना चाहिए और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए सही उम्मीदवार का चयन करना चाहिए। आगे योगीराज ने कहा कि वह कई बार (मैसूर के पूर्व राजा) यदुवीर जी से मिल चुके हैं और वह मैसूर के सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों में से एक हैं क्योंकि वह पर्यावरण के प्रति चिंतित हैं।
22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा
इस साल अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की 51 इंच की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। मूर्ति को मैसूर के रहने वाले अरुण योगीराज ने तीन अरब साल पुरानी चट्टान से आकार दिया है। नीले रंग की कृष्ण शिला की खुदाई मैसूरु के एचडी कोटे तालुका में जयापुरा होबली में गुज्जेगौदानपुरा से की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications