'पाकिस्तान जिंदाबाद' नारे पर बुरी फंसी कांग्रेस! FSL रिपोर्ट में पुष्टि, लोकसभा चुनाव में घिरेगी पार्टी?
Lok Sabha Elections News: कर्नाटक में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सरकार की सिरदर्दी बढ़ गई है। मंदिरों पर टैक्स थोपे जाने की वजह से वह पहले से ही बीजेपी के निशाने पर है और अब विधानसभा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' वाली नारेबाजी पार्टी को काफी उल्टा पड़ सकता है।
एफएसएल रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हो गई है कि 27 फरवरी, 2024 को राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी सैयद नासिर हुसैन की जीत के बाद विधान सौधा के गलियारे में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए गए थे। सोमवार को इसी आधार पर तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी- पुलिस
आरोपों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार सैयद नासिर हुसैन की जीत पर उनके समर्थकों ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए थे।
बैंगलोर सिटी के सेंट्रल डिविजन के डीसीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'एफएसएल रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्य, गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।'
आरोपियों की पहचान दिल्ली के इल्ताज, बेंगलुरु के आरटी नगर के मुनव्वर और हावेरी जिले के मोहम्मद शैफी के रूप में हुई है।
कर्नाटक के गृहमंत्री ने भी माना- 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए
कर्नाटक के गृहमंत्री डॉ जी परमेश्वरा ने भी कहा है कि एफएसएल रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है कि विधान सौधा परिसर में नासीर हुसैन की जीत के जश्न के दौरान 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए। दरअसल, पहले उस देश-विरोधी नारेबाजी के वीडियो की सत्यता पर सवाल उठाए जा रहे थे।
लेकिन, गृहमंत्री के मुताबिक, 'उस आदमी ने दो बार नारे लगाए। एफएसएल ने यह नहीं कहा है कि ये किसने कहा। उन्होंने सिर्फ इतना कहा है कि इसकी पुष्टि हो गई है और इसमें किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नहीं है, यह सीधा-सीधा लगातार चलने वाला वीडियो है...उन्होंने जांच की और इसकी पुष्टि की कि 'पाकिस्तान जिंदाबाद' कहा गया और उसे आधार पर तीन लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया गया है।'
कांग्रेस पहले विपक्ष की हार पर फोड़ रही थी ठीकरा
इससे पहले कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार लगातार इस घटना को भाजपा समर्थित जेडीएस उम्मीदवार की हार से जोड़ने की कोशिश कर रही थी। सिर्फ सैयद नासिर हुसैन ही नहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला से लेकर मुख्यमंत्री सिद्दारमैया भी इस तरह की घटना को आसानी से स्वीकारने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे।
हारने की वजह से बीजेपी बौखलाई-सीएम सिद्दारमैया ने कहा था
सुरजेवाला ने तो कहा था कि 'कुछ लोग पूरे अल्पसंख्यक समाज को कलंकित करने की कोशिश करते हैं।' वे इसके लिए पार्टी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद के जेएनयू कनेक्शन से लेकर कांग्रेस पार्टी के साथ उनके लंबे जुड़ाव की भी दुहाई दे रहे थे।
उन्होंने यहां तक कहा था कि हुसैन की 'कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से बचाने और मोदी सरकार पर सीधे हमले करने' की वजह से भाजपा घबरा गई है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने भी कह दिया था कि राज्यसभा की दूसरी सीट पर हारने की वजह से बीजेपी बौखलाई हुई है।
बीजेपी ने सीधे राहुल गांधी पर साधा निशाना
लेकिन, आरोपों की पुष्टि और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके कांग्रेस सांसद के नजदीकी होने के दावे के साथ भाजपा ने सीधे राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
'कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजद्रोह का केस चलना चाहिए'
कर्नाटक बीजेपी ने एक्स पोस्ट पर लिखा है, 'जहां राहुल गांधी 'भारत तोड़ो' यात्रा के पब्लिक स्टंट में व्यस्त हैं, बेंगलुरु पुलिस ने उनके तीन करीबियों को बेंगलुरु में विधान सौधा के अंदर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने के लिए गिरफ्तार किया है। एंटी-नेशनल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजद्रोह का केस चलना चाहिए और यूएपीए के तहत जांच होनी चाहिए।'
कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग
भाजपा की मांग है कि कांग्रेस अपने राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन के खिलाफ कार्रवाई करे और उसने उपराष्ट्रति तक के पास आवेदन दिया है कि पूरी जांच होने तक नासिर हुसैन को शपथ न दिलाएं।
मंदिर मुद्दे पर पहले ही कांग्रेस पर हमलावर है भाजपा
यह मुद्दा ऐसे समय में उछला है, जब मंदिरों की कमाई पर 10% टैक्स थोपने के लिए कर्नाटक विधानसभा से बिल पास कराने को लेकर कांग्रेस पार्टी को भारतीय जनता पार्टी पहले से ही हिंदू-विरोधी बता रही है। लेकिन, दूसरा मुद्दा तो उससे भी ज्यादा विवादित है और यह लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सामने आया है।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बढ़ सकती है परेशानी
विधान सौधा के अंदर जिस तरह से पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की बात सामने आई है, उसमें कांग्रेस सरकार के लिए बचाव करना बहुत मुश्किल हो सकता है, भले ही पार्टी नासिर हुसैन की जड़ें स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से जोड़ने की कोशिश में जुटी है।
तथ्य यह है कि पाकिस्तान के समर्थन में लोकतंत्र के मंदिर में नारेबाजी की गई और यह उस समय हुआ जब कांग्रेस उम्मीदवार की जीत का जश्न मनाया जा रहा था। जैसे-जैसे चुनाव करीब आएंगे, यह दोनों मुद्दे कांग्रेस को काफी परेशान कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications