Lok Sabha Election: ओडिशा में बीजेपी-बीजेडी में गठबंधन तय! इस तरह हो सकता है सीटों का बंटवारा
Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए का कुनबा बढ़ने की जोरदार चर्चा है। जानकारी है कि ओडिशा में गठबंधन को लेकर राज्य में सत्ताधारी बीजेडी और केंद्र में सरकार चला रही बीजेपी ज्यादा संजीदा हो गई हैं।
हाल तक ओडिशा में बीजेपी और बीजेडी के नेता इस तरह की खबरों को लेकर एक-दूसरे पर अफवाह फैलाने का आरोप लगा रहे थे। लेकिन, अब चर्चा है कि इस मसले पर दोनों दलों के नेताओं के बीच गंभीर बातचीत हो रही है। खासकर भाजपा नेताओं के भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के आवास पर पहुंचने से इन चर्चाओं को और हवा मिली है।

भाजपा नेता के बयान से मिला संकेत
भाजपा नेता बैजयंत पांडा ने बुधवार को कहा, 'भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक दल है...हमारे यहां सीटों के बारे में एक प्रक्रिया है, एक सिस्टम है चर्चा के लिए...प्रदेश स्तर पे..जिलास्तर पे...राष्ट्रीय स्तर पे...और जो बाकी सीटें हैं, उनपर चर्चा भी होगी...कई प्रदेश में अभी चर्चा नहीं हो पाई है...अभी उनका भी होगा....कुछ ही दिनों में सब तय हो जाएगा....'
पीएम और सीएम दोनों ने की थी एक-दूसरे के काम की सराहना
इन अटकलों ने गंभीरता तब पकड़नी शुरू की है, जब मंगलववार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को 'लोकप्रिय मुख्यमंत्री' कहकर संबोधित किया। वहीं सीएम पटनायक ने 'भारत को इकोनॉमिक पावरहाउस' में बदलने के लिए पीएम मोदी की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की नई दिशा तय कर दी है और ओडिशा के विकास में भी योगदान दिया है।
ओडिशा में सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे थे पीएम मोदी
एक महीने के भीतर यह दूसरी बार है, जब दोनों नेताओं ने आपस में इतनी अच्छी ट्यूनिंग दिखाई है। मंगलवार को पीएम मोदी ओडिशा के जाजपुर में करीब 20,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के उद्घाटन या आधारिशला रखने के लिए पहुंचे थे।
बीजू पटनायक की पीएम ने की थी तारीफ
पीएम मोदी ओडिशा के दो बार के सीएम और नवीन के पिता बीजू पटनायक की 108वीं जयंती पर उनकी भी सराहना की। उन्होंने कहा, 'ओडिशा और देश के विकास में बीजू बाबू का योगदान अतुलनीय है....'
पीएम मोदी ने जहां ओडिशा सरकार की आलोचना नहीं की, वहीं कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक में शामिल तमाम दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि , 'इंडिया के लिए परिवार पहले है, जबकि मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है।'
पहले सीएम को 'मेरे मित्र' कह चुके हैं पीएम मोदी
पिछले महीने 3 फरवरी को संबलपुर में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी नवीन पटनायक को 'मेरे मित्र' कहकर बुला चुके हैं। ओडिशा में लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा चुनाव भी होने हैं और तारीखों के ऐलान से पहले दोनों नेताओं के बीच इस तरह की ट्यूनिंग को लेकर बातें होनी स्वभाविक हैं।
लोकसभा में बीजेपी को और विधानसभा में बीजेडी को ज्यादा सीटें
सूत्रों का कहना है कि दोनों दलों में जिस तरह से चर्चा की जानकारी है, उसके मुताबिक लोकसभा चुनाव में भाजपा ज्यादा सीटों पर लड़ सकती है, वहीं विधानसभा चुनाव में बीजू जनता दल को ज्यादा सीटें दी जी सकती हैं।
पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी पीके मिश्रा तीन दिनों तक ओडिशा में थे। जबकि, रविवार को पूर्व आईएएस और नवीन पटनायक के बेहद खास बीजेडी नेता वीके पांडियन दिल्ली पहुंचे थे।
सूत्रों का कहना है कि दोनों ओर से ये दौरे पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत के संदर्भ में ही देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications