Phase-3: कहीं मारपीट, कहीं EVM में खराबी, सपा का दावा- मैनपुरी से लेकर आगरा तक वोटिंग में दिक्कत
Lok Sabha election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर वोटिंग जारी है। इसी के साथ आज उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों संभल, हाथरस, आगरा ,फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली सीटों पर वोटिंग हो रही है।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए जारी वोटिंग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने कई जिलों के बूथों पर वोटिंग में आ रही है परेशानियों का दावा किया है। सपा ने अधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ये सारी जानकारी दी है।

सपा ने कहा है कि, मैनपुरी लोकसभा के विधानसभा किशनी के चतुरीपुर में बूथ संख्या 311 पर ईवीएम खराब होने की सूचना है। चुनाव आयोग को इसपर संज्ञान लेना चाहिए और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करवाना चाहिए।
सपा का दावा- पोलिंग एजेंट को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सपा के एक अन्य ट्वीट में कहा, मैनपुरी लोकसभा के मैनपुरी सदर में बूथ संख्या 129 पर समाजवादी पार्टी के पोलिंग एजेंट को पुलिस द्वारा जबरन गिरफ्तार किया गया है।
सपा ने एक अन्य ट्वीट में कहा, मैनपुरी लोकसभा के किशनी विधानसभा में बरीहा, बूथ संख्या 221 और बंसरमऊ, बूथ संख्या 175 पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों के साथ मारपीट की कोशिश जा रही है और धमकाया जा रहा है।
सपा का दावा- कई बूथों पर मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है
सपा ने कहा कि, मैनपुरी लोकसभा के जसवंतनगर में बूथ संख्या 95 पर और करहल में बूथ संख्या 114 पर धीमी गति से मतदान चलने का आरोप लगाया है। इसके अलावा सपा ने दावा किया है कि फिरोजाबाद लोकसभा के छोटा लालपुर में बूथ संख्या 249, 251 पर बहुत सारे मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है।
सपा ने यह भी दावा किया है कि, बदायूं लोकसभा के सहसवान में बूथ संख्या 279, 280 पर छोटी पर्ची वाले मतदाताओं को वोट डालने से प्रशासन रोक रहा है। वहीं सपा ने आगरा लोकसभा के जलेसर में बूथ संख्या 161 पर धीमी गति से वोटिंग का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications