I.N.D.I.A. या BJP किसकी होगी जीत? ताजा सर्वे का नतीजा देखिए
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले एक चुनावी सर्वेक्षण हुआ है, जिसका नतीजा विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन को झटका दे सकता है। इसके मुताबिक इंडिया गठबंधन भारतीय जनता पार्टी को नहीं हरा सकेगा।
इंडिया टुडे-सीवोटर के मूड ऑफ दे नेशन पोल का परिणाम मुंबई में इसी महीने के अंत में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक से पहले उन्हें मायूस कर सकता है। सर्वे में जितने लोग शामिल हुए हैं, उनका बहुमत बीजेपी के पक्ष में गया है।

बीजेपी के पक्ष में 54% लोगों ने कहा हां- सर्वे
इस चुनाव पूर्व सर्वे में शामिल 54% लोगों का मानना है कि इंडिया गठबंधन बीजेपी को नहीं हरा सकेगा। जबकि, सिर्फ 33% लोगों को विपक्षी दलों के गठबंधन के लिए इसकी संभावना दिख रही है। 26 विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस या इंडिया गठबंधन का नाम पिछले महीने ही बेंगलुरु में हुई इसकी दूसरी बैठक में रखा गया है।
इंडिया नाम के प्रति 39% लोगों का रुख सकारात्मक-सर्वे
यह गठबंधन अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में एनडीए की अगुवा बीजेपी के विरोध में बनाया गया है। जब उत्तर देने वालों से यह सवाल किया गया कि क्या नाम बदल लेने से इंडिया गठबंधन को वोट मिलेगा तो 39% लोगों का जवाब सकारत्मक था। लेकिन, 30% लोगों का मानना था कि इससे उसे फायदा नहीं मिलेगा।
इंडिया गठबंधन के नेता के रूप में राहुल गांधी 24% की पसंद-सर्वे
जवाब देने वालों में 18% ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें लगता है कि न तो इंडिया नाम रखने से वोट ही मिलेंगे और न ही यह कोई आकर्षक नाम है। लेकिन, जब जवाब देने वालों से यह प्रश्न किया गया कि इंडिया गठबंधन की अगुवाई करने वाला बेहतर चेहरा कौन हो सकता है तो 24% लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिया।
राहुल गांधी से पीछे छूटे ममता और केजरीवाल-सर्वे
इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के नाम पर बराबर लोगों ने सहमति जताई। ऐसे उत्तरदाताओं की संख्या 15% रही, जो मानते हैं कि इंडिया गठबंधन की अगुवाई के लिए ये दोनों बेहतर नेता हो सकते हैं।
राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी- सर्वे
इस सर्वे के अनुसार जनवरी के मुकाबले राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है। जबकि, अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता में काफी कमी आई है। जनवरी में सिर्फ 13% लोगों ने राहुल गांधी को विपक्ष का नेतृत्व करने के लिए सबसे उचित चेहरा माना था। वहीं, तब 27% लोगों की नजर में इसके लिए केजरीवाल पहली पसंद थे।












Click it and Unblock the Notifications