Lok Sabha Election: सीट बंटवारे पर घंटों चली INDIA ब्लॉक की बैठक, जानें क्या बोले NCP-सपा और अन्य दल
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच, विपक्षी दलों के गुट 'इंडिया' में सीट बंटवारे का मुद्दा गरमाया हुआ है। जिसको लेकर लगातार बैठकों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के आवास पर इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई।
बैठक में समाजवादी पार्टी, शिवसेना (यूबीटी गुट), एनसीपी-शरद पवार गुट शामिल हुआ। बैठक के बाद कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के आवास से बाहर निकलते ही समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि बैठक बहुत सकारात्मक माहौल में हुई। सभी खुश हैं। 12 जनवरी को और प्रगति होगी। आइए जानते हैं क्या बोले अन्य दल?

शिवसेना (यूबीटी गुट) के नेता संजय राउत ने कहा कि महा विकास अघाड़ी के सभी सदस्य मुस्कुराते हुए बैठक से बाहर आए। महा विकास अघाड़ी के सदस्य -शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए बैठे। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे को लेकर हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। हमने वंचित बहुजन अघाड़ी के बारे में विस्तार से चर्चा की।
वहीं, एनसीपी-शरद पवार गुट के नेता डॉ.जितेंद्र अवहाद ने कहा कि सभी सीटों पर चर्चा हुई और सब कुछ सकारात्मक है। बैठक उम्मीद से ज्यादा सफल रही...हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि भगवान राम सबके हैं। हर कोई राम भक्त है। चुनाव जीतने के लिए माहौल बनाया गया है, जिस तरह से इसे पेश किया जा रहा है, यह बीजेपी प्रायोजित आयोजन लग रहा है।
आप और कांग्रेस की भी हुई थी बैठक
आपको बता दें कि बीते दिन यानी सोमवार को भी विपक्षी गुट 'INDIA' ब्लॉक की बैठक हुई सी। जिसमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। बैठक के बाद दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया था कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि इंडिया ब्लॉक की सीटों को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं, कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने साफ किया था कि बातचीत जारी रहेगी और हम दोबारा मिलेंगे और उसके बाद ही हम सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications