Lok Sabha Election: 'मुझे अभी भी लगता है...': कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बीजेपी के लिए की बड़ी भविष्यवाणी
केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बीजेपी को लेकर भविष्यवाणी की है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भी बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनेगी। हालांकि, उन्होंने फिर भी उम्मीद जताई है कि इसकी सीटें कम करके उसे तीसरी बार सरकार बनाने से रोका जा सकता है।
कांग्रेस सांसद को उम्मीद है कि अगर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन भी जाएगी, तो उसे सरकार बनाने के लिए एनडीए के सहयोगियों पर निर्भर रहना पड़ेगा। इससे उसके सहयोगियों का उसपर से विश्वास कम होगा, जिसका फायदा विपक्षी गठबंधन उठा सकता है।

बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी-शशि थरूर
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने कोझिकोड में केरल लिटरेचर फेस्टिवल में कहा कि बीजेपी की 'संख्या इतनी कम' की जा सकती है, ताकि उसे सरकार बनाने से रोका जा सके।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा है, 'मुझे अभी भी लगता है कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। लेकिन, मुझे यह भी उम्मीद है कि इसकी संख्या इस स्तर तक कम की जा सकती है, जहां सरकार बनाने के लिए इसे जो संभावित सहयोगियों की जरूरत पड़ेगी, वह उसके साथ जुड़ने के लिए तैयार न हों और वे हमारे साथ आने को तैयार हो जाएं....इसलिए हमें एक कोशिश करनी होगी।'
बीजेपी ने तीसरी बार '400 पार' का नारा दिया है
2019 में बीजेपी को अकेले 303 सीटें मिली थीं और एनडीए का आंकड़ा 350 से भी पार गया था। इस बार बीजेपी ने तीसरी बार '400 पार' का नारा दिया है। जबकि, उसके खिलाफ कांग्रेस समेत 28 विपक्षी दलों ने हाथ मिला रखा है।
इंडिया ब्लॉक में सीटों का बंटवारा, थरूर की चिंता की वजह
थरूर को भी लगता है कि इंडिया ब्लॉक में सीटों का बंटवारा थोड़ा मुश्किल है और यह ठीक से हो जाने पर संभावित हार के आंकड़े को कम किया जा सकता है।
वे बोले, 'यह सबसे अच्छी स्थिति है, जो वे कर सकते हैं, और यदि ऐसा हो पाता है, लेकिन विचारों में बहुत ज्यादा अंतर है, तो शायद बीजेपी उम्मीदवार जीत जाएगा........'
'केरल में इंडिया ब्लॉक में सीटों का बंटवारा असंभव'
थरूर बोले कि जैसे केरल में सीपीएम और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा होना असंभव है।' उन्होंने कहा, 'केरल में इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों में यह कल्पना करना असंभव है, सीपीएम और कांग्रेस में....कि सीट-बंटवारे के लिए कभी तैयार होंगे....'
उन्होंने कहा, 'लेकिन बगल में तमिलनाडु में सीपीएम, सीपीआई, कांग्रेस और डीएमके सभी जुड़े हुए हैं और वहां कोई बहस नहीं है, कोई विवाद नहीं है। वे पिछला चुनाव भी मिलकर लड़ चुके हैं। वहां इस बार भी उनके मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना है।'
कई राज्यों में सीटों के बंटवारे में फंस रहा है पेच
इस बीच इंडिया ब्लॉक की पार्टियों के बीच विभिन्न राज्यों में सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है। कई राज्यों में कांग्रेस और उसकी मौजूदा सहयोगियों का इतिहास ऐसा रहा है, जिससे तालमेल में दिक्कतें देखने को मिल रही हैं।
मसलन, पश्चिम बंगाल में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी कह चुकी हैं कि उनकी पार्टी अकेले बीजेपी को हराने में सक्षम है। वहीं कांग्रेस नेताओं की ओर से कहा जा रहा है कि वह सिर्फ दो सीटों का ऑफर दे रही हैं। वहीं सीपीएम के लिए तो बंगाल की मुख्यमंत्री साफ मना कर चुकी हैं।
कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ पंजाब और दिल्ली में सीटों का बंटवारा चाहती है। लेकिन, अरविंद केजरीवाल की पार्टी हरियाणा और गुजरात में भी अपने लिए सीटों का दबाव बना रही है। इसी तरह से टीएमसी असम और मेघालय में भी चुनाव लड़ने की इच्छा जता रही है।












Click it and Unblock the Notifications