मायावती के साथ महागठबंधन में कौन होगा पीएम पद का दावेदार? अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है।
Recommended Video

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती और अखिलेश यादव के बीच 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए बन रहे महागठबंधन को लेकर लगातार यह सवाल उठ रहा था कि इस गठजोड़ में नेता कौन होगा, यानी प्रधानमंत्री पद पर दोनों नेताओं में से किसकी दावेदारी होगी। अखिलेश यादव ने अब प्रधानमंत्री पद को लेकर उठ रहे तमाम सवालों पर अपने बयान से विराम लगा दिया है।

'मुझे तो फिर से यूपी का सीएम बनना है'
अखिलेश यादव से जब प्रधानमंत्री पद को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मैं तो इतना बड़ा सपना नहीं देखता कि 2019 मे देश का प्रधानमंत्री बनूं। मुझे देश का प्रधानमंत्री नहीं बनना है। हां, मैं ये जरूर चाहता हूं कि देश का अगला प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से ही बने। अभी तक ज्यादातर तो यही होता आया है कि देश का प्रधानमंत्री यूपी से ही बना है। हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री चाहे कोई भी बने, लेकिन यूपी से ही बने और देश का विकास करे। मुझे तो एक बार फिर से केवल उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री ही बनना है और राज्य के विकास कार्यो को आगे बढ़ाना है।'

सीटों को लेकर जारी है बातचीत
यूपी में बनने वाले महागठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, 'समाजवादी पार्टी 2019 का लोकसभा चुनाव बसपा प्रमुख मायावती के साथ मिलकर लड़ेगी। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार सुनिश्चित करने के लिए और इस महागठबंधन को कायम रखने के लिए अगर समाजवादी पार्टी को 2-4 सीटों का बलिदान भी करना पड़ा तो उसके लिए हम तैयार हैं। सीटों पर फिलहाल मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कहूगा।'

मायावती को मिल सकती हैं 40 सीटें
आपको बता दें कि यूपी की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट पर सपा-बसपा की जोड़ी के जीत दर्ज करने के बाद दोनों के बीच गठबंधन के संकेत मिल गए थे। इसके बाद कैराना और नूरपुर में महागठबंधन के प्रत्याशी को मिली जीत के बाद अखिलेश यादव ने स्पष्ट तौर पर कह दिया था कि वो बसपा के साथ गठबंधन में कम सीटों पर भी तैयार हैं। माना जा रहा है कि महागठंबधन के तहत मायावती की बसपा को लोकसभा की 40 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि सीटों के ऐलान को लेकर दोनों दलों की तरफ से अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications