NDA के साथ मजबूती से खड़े नजर आ रहे नीतीश कुमार, बैठक में नरेंद्र मोदी से बोले- 'जल्दी कीजिए'
Lok Sabha Chunav Result 2024: इंडिया गठबंधन के कई नेताओं की ओर झुकाव के बावजूद नीतीश कुमार ने एनडीए और नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन दिया है। बुधवार को एनडीए के सहयोगियों ने तीन पैराग्राफ का प्रस्ताव पास किया है।
इस प्रस्ताव में नरेंद्र मोदी को सभी ने अपना नेता घोषित किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार 8 जून को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। एक तरफ जहां एनडीए की बैठक हुई तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के नेताओं की भी दिल्ली में बैठक हुई।

रिपोर्ट के अनुसार एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी से जल्द सरकार बनाने को कहा। बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को 12 सीटों पर जीत मिली है। बैठक में नीतीश ने नरेंद्र मोदी से कहा जल्दी कीजिए।
बैठक के दौरान एनडीए के नेताओं ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। हालांकि बैठक के दौरान मंत्रिमंडल के गठन पर कोई बात नहीं हुई। सूत्रों की मानें तो बैठक में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर किसी भी तरह की चर्चा नहीं हुई है ना ही किसी तरह की मांग की गई है।
नीतीश कुमार ने कहा कि चुनाव काफी लंबा था और सात चरण में हुआ, लिहाजा सरकार का गठन जल्द होना चाहिए।वहीं टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू जिनकी पार्टी ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की है, उन्होंने भी पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की, उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार चुनाव जीतना आसान बात नहीं है।
बता दें कि ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने के लिए अपने सहयोगियों की जरूरत होगी। भाजपा को चुनाव में 240 सीटों पर जीत मिली है, पार्टी 32 सीटों से पूर्ण बहुमत से दूर रह गई है। जदयू और टीडीपी ने मिलकर 28 सीटों पर जीत दर्ज की है। लिहाजा वह सरकार गठन में काफी अहम हो जाते हैं।
एनडीए को इस चुनाव में 293 सीटों पर जीत मिली है। जबकि इंडिया गठबंधन को 234 सीटों पर जीत मिली है। 7 जून को एनडीए के सांसद नरेंद्र मोदी को आधिकारिक रूप से अपना नेता चुनेंगे और गठबंधन के नेता राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और समर्थन पत्र सौंपेंगे।
वहीं इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस मुखिया मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सही समय पर गठबंधन सही कदम उठाएगा। लोगों की इच्छा है कि भाजपा देश की सत्ता ना संभाले।












Click it and Unblock the Notifications