लोकसभा चुनाव के इस पहलू पर भी गौर फरमाइए! 105 जीते उम्मीदवार नहीं गए कभी कॉलेज, 5 से 12वीं तक ही की है पढ़ाई
Lok Sabha Election Result 2024: हाल ही में लोकसभा चुनावों में जीतने वाले उम्मीदवारों में से लगभग 19% ने अपनी शैक्षणिक योग्यता कक्षा 5वीं पास से 12वीं के बीच घोषित की है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के मुताबिक 105 उम्मीदवार ने कॉलेज से पढ़ाई नहीं की है। यानी वो ग्रेजुएट नहीं हैं। उन्होंने 5वीं से 12वीं तक की ही, पढ़ाई की है।
इस बीच, 420 यानी 77% जीतने वाले उम्मीदवारों ने स्नातक या उससे ऊपर की डिग्री होने की घोषणा की है। वहीं 17 जीते हुए उम्मीदवार डिप्लोमा किए हुए हैं। वहीं एक जीते हुए उम्मीदवार "सिर्फ साक्षर" है। खुद को निरक्षर घोषित करने वाले सभी 121 उम्मीदवार चुनाव हार गए हैं।

दो विजयी उम्मीदवारों ने कक्षा 5 तक पढ़ाई की है, जबकि चार ने सिर्फ कक्षा 8 तक पढ़ाई की है। 34 उम्मीदवारों ने घोषित किया कि उन्होंने कक्षा 10वीं तक पढ़ाई की है। और 65 जीते हुए उम्मीदवारों ने कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की है।
लोकसभा चुनाव 2024: 543 सांसदों का पेशा क्या है?
पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के एक अन्य विश्लेषण के मुताबिक, 543 सांसदों के बीच कृषि और सामाजिक कार्य सबसे आम पेशा है। छत्तीसगढ़ के 91%, मध्य प्रदेश के 72% और गुजरात के 65% सांसदों ने कृषि को अपना पेशा बताया है।
इसमें छत्तीसगढ़ के 91%, मध्य प्रदेश के 72% और गुजरात के 65% सांसदों ने कृषि को अपने व्यवसाय बताया है। 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए लगभग 7% सांसद वकील हैं और 4% मेडिकल प्रैक्टिशनर हैं।
स्नातक डिग्री वाले सांसदों की संख्या बढ़ रही है या घट रही है? क्या कहते हैं आंकड़े?
पहली लोकसभा से लेकर 11वीं (1996-98) तक स्नातक डिग्री वाले सांसदों का अनुपात लगातार बढ़ता रहा। तब से, कॉलेज शिक्षा के बिना सांसदों का अनुपात भी बढ़ा है। हालांकि, पीआरएस के मुताबिक, यह आंकड़ा 17वीं लोकसभा में 27% से घटकर 18वीं लोकसभा में 22% हो गया है।
पीआरएस के विश्लेषण से पता चला है कि 18वीं लोकसभा में 5% सांसद (जिनमें से तीन महिलाएं हैं) डॉक्टरेट की डिग्री रखते हैं। चुनाव मैदान में उतरे 8,390 उम्मीदवारों में से 121 उम्मीदवारों ने खुद को निरक्षर बताया और 359 ने कहा कि उन्होंने 5वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 647 उम्मीदवारों ने 8वीं कक्षा तक ही पढ़ाई की है।
कुल 1303 उम्मीदवारों ने बताया कि उन्होंने स्कूल पास कर लिया है और 1502 उम्मीदवारों ने बताया कि उनके पास स्नातक की डिग्री है। 198 उम्मीदवारों के पास डॉक्टरेट की डिग्री है।












Click it and Unblock the Notifications