Lok Sabha Chunav: मटन, मंगलसूत्र, मुजरा और अब महात्मा गांधी... पीएम मोदी के किन बयानों पर विपक्ष ने काटा बवाल?
Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव संपन्न होने वाला है और हर बार की तरह इस बार भी राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। लेकिन इस बार मामला थोड़ा ज्यादा आगे बढ़ गया। चुनाव प्रचार के सिलसिले में ढेरों रैलियां और रोड शो भी किए गए।
चाहे विपक्ष हो या सत्ताधारी एनडीए, किसी ने भी चुनाव प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ी। इस बार के प्रचार में कुछ ऐसे आरोप-प्रत्यारोप और भाषा देखने को मिली जिसकी शायद ही किसी ने नेताओं से उम्मीद की थी।

इसी क्रम में पीएम मोदी द्वारा भाषणों में बोले गए शब्दों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। विपक्ष और राहुल गांधी पर निशाना साधने के दौरान पीएम मोदी द्वारा उपयोग किए गए शब्दों पर विपक्ष ने घोर आपत्ति जताई और जमकर बवाल काटा।
मंगलसूत्र से लेकर मुजरा तक, ये कुछ ऐसे शब्द रहे जो प्रधानमंत्री ने चुनावी रैलियों के दौरान इस्तेमाल किए। आइए आपको बताते हैं पीएम मोदी द्वारा चुनावी रैलियों में इस्तेमाल किए गए शब्दों के बारे में...
'म' से मटन से लेकर 'म' से मुजरा तक... पीएम मोदी के इन शब्दों ने मचाया बवाल
मटन
बीते साल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के साथ मटन बनाते और खाते हुए एक व्लॉग शेयर किया था। इस वीडियो में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के घर पर मटन बना रहे थे जिसमें लालू यादव उन्हें अपनी रेसिपी बता रहे थे और राहुल उसे फॉलो करते नजर आ रहे थे।
राहुल ने अपने ऑफिसियल अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी के लोगों ने इसपर जमकर निशाना साधा था। वीडियो को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी भी राहुल गांधी और लालू यादव को घेरते नजर आए। जम्मू और कश्मीर में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,"कोर्ट ने जिसे सजा दी है, जो जमानत पर है...ऐसे मुजरिम के घर जाकर सावन में मटन बनाने की मौज ले रहे हैं। उसका वीडियो बनाकर के देश के लोगों को चिढ़ाने का काम करते हैं।"
मछली
पीएम मोदी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के मछली खाने वाले वीडियो पर भी निशाना साधा। मछली खाते हुए वीडियो बनाने को लेकर जम्मू कश्मीर में आयोजित जनसभा में पीएम ने कहा था, "नवरात्रि में नॉन-वेज खाना...आप किस मंशा से वीडियो दिखा-दिखाकर के लोगों की भावनाओं को चोट पहुंचाकर किसे खुश करने का खेल कर रहे हो। मैं जानता हूं कि मेरे बोलने के बाद ये लोग पूरा गोला-बारूद लेकर गालियों की बौछार कर देंगे और मेरे पीछे पड़ जाएंगे।"
मुस्लिम लीग
कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र सामने आने के बाद प्रधानमंत्री ने उसमें मुस्लिम लीग की छाप होने की बात कही थी। यूपी के सहारनपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था, "जिस कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी, कैसे दिग्गज जुड़े थे...महात्मा गांधी का नाम जुड़ा था पर आज देश एक स्वर से कह रहा है कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस दशकों पहले समाप्त हो गई।"
उन्होंने आगे कहा था, "अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्र निर्माण का विजन। आपने देखा होगा कि कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणापत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आकांक्षाओं से कट चुकी है। कांग्रेस के मैनिफेस्टो में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। घोषणापत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है।"
मंगलसूत्र
चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर यह आरोप लगाया था कि उनकी नजर महिलाओं के मंगलसूत्र पर है। 21 अप्रैल, 2024 को राजस्थान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा था, "कांग्रेस ने मैनिफेस्टो में जो कहा है, वह चिंताजनक और गंभीर है। यह माओवाद को धरती पर उतारने की उनकी कोशिश है।"
उन्होंने आगे कहा था,"अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी, तब हर एक की प्रॉपर्टी का सर्वे किया जाएगा। हमारी बहनों के पास सोना कितना है, उसकी जांच की जाएगी और हिसाब लगाया जाएगा। आदिवासी परिवारों में चांदी होती है, उसका भी हिसाब लगाया जाएगा। बहनों का जो गोल्ड और अन्य संपत्तियां हैं, वे सबको सामान्य रूप से वितरित कर दी जाएगी। क्या आपकी संपत्ति को किसी को ऐंठने का अधिकार है क्या?"
मुगल
जम्मू और कश्मीर की एक रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को घेरते हुए पीएम मोदी ने मुगल शब्द का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा था, "बड़ा वर्ग इनके वीडियो देखकर चिढ़ता रहे और असहज होता रहे। समस्या इस अंदाज से है कि तुष्टिकरण से आगे बढ़कर यह इनकी मुगलिया सोच है पर ये नहीं जानते हैं कि जनता जब जवाब देती है तब शाही खानदान के युवराजों के बेदखल होना पड़ता है।"
मुजरा
अभी हाल ही में पीएम ने इंडिया ब्लॉक पर निशाना साधते हुए मुजरा शब्द का उपयोग किया था। बिहार के पाटलिपुत्र में 25 मई, 2024 को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, "इंडिया अलायंस को वोटबैंक की गुलामी करनी है तो करे, उन्हें वहां जाकर मुजरा करना है तो वह भी करे पर मैं एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के साथ डटकर खड़ा हूं और खड़ा रहूंगा।"
महात्मा गांधी
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को लेकर बड़ा दावा किया है जिसके बाद विपक्ष उनपर हमलावर है। दरअसल, प्रधानमंत्री ने इंटरव्यू के दौरान कहा है कि 1982 से पहले महात्मा गांधी को कोई नहीं जानता था। पीएम का दावा है कि रिचर्ड एटनबरो की फिल्म 'गांधी' के रिलीज के बाद दुनिया ने महात्मा गांधी को जाना।
इंटरव्यू में महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है, "दुनिया में महात्मा गांधी एक बहुत बड़े महान आत्मा थे। क्या इस 75 साल में हमारी जिम्मेवारी नहीं थी क्या कि पूरी दुनिया महात्मा गांधी को जानें। कोई नहीं जानता है, माफ करना मुझे। पहली बार जब गांधी फिल्म बनी तब दुनिया में क्यूरिओसिटी हुई कि अच्छा ये कौन है? हमने नहीं किया जी। इस देश का काम था..."
पीएम मोदी ने आगे कहा,"अगर मार्टिन लूथर किंग को दुनिया जानती है, अगर हमारे साउथ अफ्रीका के नेल्सन मंडेला जी को दुनिया जानती है, गांधी जी किसी से कम नहीं थे जी। ये मानना पड़ेगा जी। मैं दुनिया घूमने के बाद कह रहा हूं कि गांधी को और गांधी के माध्यम से भारत को तवज्जो मिलनी चाहिए थी।"












Click it and Unblock the Notifications