'देश-द्रोहियों का स्वर्ग बन गया है बंगाल, सर्जिकल स्ट्राइक जरूरी': बीजेपी प्रत्याशी ने क्यों की ऐसी मांग?
Bengal Lok Sabha Election 2024: बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को लगता है कि टीएमसी के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल टाइम बम पर बैठा है और सुरक्षा एजेंसियों को देश-विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक करने की जरूरत है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में भाजपा नेता ने राज्य में वित्तीय घोटालों और आतंकी मॉड्यूल के बीच गहरी साठगांठ पर गहरी चिंता जताते हुए, चुनावों के बाद ऐसी गतिविधियों के बढ़ने की आशंका जताई है।

'बंगाल घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी तत्वों का स्वर्ग बन चुका है'
दिलीप घोष ने कहा, 'पश्चिम बंगाल एक सीमावर्ती राज्य है, इसने न सिर्फ खराब होती कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक घटनाएं भी देखी हैं। बम बनाने वाली फैक्ट्रियों और आतंकी मॉड्यूल संकेत दे रहे हैं कि बंगाल घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी तत्वों का स्वर्ग बन चुका है।'
टीएमसी की कथित तुष्टिकरण वाली नीति पर फोड़ा ठीकरा
उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी टीएमसी की कथित तुष्टिकरण वाली नीतियों की वजह से राज्य के डेमोग्राफी में महत्वपूर्ण बदलाव आ चुका है, जिसकी वजह से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है। बंगाल के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष के मुताबिक,'पश्चिम बंगाल में एक राष्ट्र-विरोधी श्रृंखला मौजूद है, जिसमें न केवल आतंकी मॉड्यूल हैं, बल्कि भ्रष्टाचार के विभिन्न मामले भी शामिल हैं।'
राज्य की सुरक्षा के लिए सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक-दिलीप घोष
उन्होंने आरोप लगाया है कि टीएमसी सरकार के दौरान संदेशखाली और भूपतिनगर जैसे अनेक इलाकों को राष्ट्र-विरोधी तत्वों के लिए खुला छोड़ दिया गया। वे बोले, 'राज्य की स्थिति विस्फोटक है और सुरक्षा और केंद्रीय एजेंसियों के लिए जरूरी है कि इसकी सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक करें।'
संदेशखाली और भूपतिनगर की घटनाओं का दिया हवाला
उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में टीएमसी नेताओं पर व्यवस्थित रूप से स्थानीय महिलाओं के यौन शोषण और जमीन हड़पने के आरोप लगे हैं। यहीं जनवरी में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर इन्हीं आरोपियों के गुर्गों ने जानलेवा हमले भी किए थे। वहीं पूरबा मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर में भी पिछले हफ्ते भीड़ ने कथित रूप से एनआईए की टीम पर हमला कर दिया था। ये लोग 2022 के धमाकों के संदिग्धों को गिरफ्तार करने गए थे।
उन्होंने राज्य पुलिस और सीआईडी पर कथित रूप से इन घटनाओं को दबाने और पक्षपातपूर्ण जांच के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि,'चुनावों के बाद आप देखेंगे कि कैसे केंद्रीय एजेंसियां राष्ट्रहित के खिलाफ साजिश का खुलासा करते हैं।'
सीएए के विरोध के लिए टीएमसी को घेरा
उन्होंने सीएए के विरोध को लेकर भी टीएमसी की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में जो राज्य में प्रदर्शन हुए थे, वे उन्हीं घुसपैठियों ने अंजाम दिया था, जो टीएमसी के वोटर हैं। उन्होंने कहा, 'लुंगी पार्टी सड़कों पर उतर आए थे और सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के लिए बसों और सार्वजनिक संपत्तियों को जलाया था। ये लोग बंगाल में कब्जा कर रहे हैं और स्थानीय लोगों के रोजगार और सरकारी सुविधाएं खा रहे हैं।'
बर्धमान-दुर्गापुर चुनाव क्षेत्र चुनाव मैदान में हैं दिलीप घोष
दिलीप घोष अभी मेदिनीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं, जिन्हें इस बार पार्टी ने बर्धमान-दुर्गापुर चुनाव क्षेत्र का टिकट दिया है। अपनी जीत का भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा है, 'मैं पार्टी का एक वफादार सिपाही हूं। मुझे यह जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा।' टीएमसी ने इस सीट से पूर्व बीजेपी सांसद कीर्ति आजाद को उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications