Lockdown: HRD मंत्री बोले, स्कूल-कॉलेज खोलने पर 14 अप्रैल को लेंगे फैसला
नई दिल्ली- केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को कहा है कि 14 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म होने पर समीक्षा के बाद ही शिक्षण संस्थानों को खोलने पर विचार होगा। निशंक ने कहा कि सरकार के लिए स्टूडेंट्स की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और उस समय हालात को देखने के बाद ही स्कूल-कॉलेज दोबारा खोलने को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।(लॉकडाउन से पहले की तस्वीर)

रविवार को मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि, 'छात्रों, शिक्षकों की सुरक्षा सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।' उन्होंने कहा कि सरकार इस बात के लिए तैयार है कि अगर 14 अप्रैल के बाद भी स्कूल और कॉलेज बंद ही रहते हैं, तब भी छात्रों की पढ़ाई का किसी तरह का कोई नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि 'लॉकडाउन खत्म होते ही हमने बाकी बची परीक्षाएं करवाने और कॉपी जांच की योजना तैयार कर रखी है।'
गौरतलब है कि 21 दिन का मौजूदा लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है। अभी तक सरकार की ओर से जो संकेत मिल रहे हैं, उससे लगता है कि लॉकडाउन पहले से तय तारीख से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। वैसे स्कूल-कॉलेजों को लॉकडाउन शुरू होने से पहले ही बंद कर दिया गया था।
बता दें कि देश में अब तक कोरोना वायरस के 3,374 मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से 79 लोगों की जान चली गई है। प्रधानमंत्री ने 25 मार्च से 21 दिनों के लिए जब लॉकडाउन का ऐलान किया था, तब देश में संक्रिमितों की संख्या बहुत ही कम थी। लेकिन, उसके बाद जिस तरह से दिल्ली के निजामुद्दीन के तबलीगी जमात के मरकज से कोरोना संक्रमितों के निकलने का मामला शुरू हुआ, वह अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस एक जमात ने देश के उन इलाकों तक भी कोविड-19 का संक्रमण पहुंचा दिया है, जो अब तक इससे पूरी तरह सुरक्षित थे। ऐसे में लोगों के मन में यह आशंका भी पैदा होती रहती है कि कहीं इस मुश्किल हालात में लॉकडाउन को कुछ और दिन के लिए आगे बढ़ाने का भी फैसला लेना पड़ सकता है। लेकिन, सरकार ने अब तक ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं। अलबत्ता एयर इंडिया ने जरूर अपनी उड़ानों के लिए बुकिंग को 30 अप्रैल तक के लिए रोक दी है।












Click it and Unblock the Notifications