बंपर वोटों से जीते रामनाथ कोविंद, बनेंगे देश के 14वें राष्ट्रपति
नई दिल्ली। देश के राष्ट्रपति के लिए हुए चुनाव का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। संसद भवन के कमरा नंबर 62 में हुई मतगणना में रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति का चुनाव जीत गए हैं। एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को 65.65 प्रतिशत वोट मिले हैं, जबकि यूपीए की उम्मीदवार मीरा कुमार को 34.35 फीसदी वोट मिले हैं। रामनाथ कोविंद अब देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे।

Recommended Video

संसद भवन और 11 राज्यों में मतदान के बाद हुई मतगणना के बाद रामनाथ कोविंद को कुल 7 लाख 2 हजार 44 वोट मिले। रामनाथ के मुकाबले में खड़ी मीरा कुमार को केवल 3 लाख 67 हजार 314 वोट मिले। मौजूदा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर रामनाथ कोविंद 25 जुलाई को पद की शपथ लेंगे।
पीएम मोदी और अमित शाह ने दी बधाई
रामनाथ कोविंद के चुनाव जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें बधाई दी। रामनाथ कोविंद की जीत के बाद दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय पर आतिशबाजी करने के साथ ही मिठाई बांटी गई।राष्ट्रपति चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर अनूप मिश्रा ने परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि संसद भवन समेत 11 राज्यों में वोटों की गिनती में 37 वोट अवैध घोषित किए गए।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीते 17 जुलाई को वोट डाले गए थे। चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन में कमरा नंबर 62 समेत कुल 32 मतदान केंद्र बनाए थे। राष्ट्रपति चुनाव में कई दलों के विधायकों और सांसदों ने पार्टी से अलग हटकर भी रामनाथ कोविंद को वोट दिया।












Click it and Unblock the Notifications