ओडिशा में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत, कई लोग घायल
भुवनेश्वर। ओडिशा के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने की घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गए। ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है। राजस्व विभाग के सूत्रों ने बताया कि सुंदरगढ़ जिले में बिजली गिरने की घटना में दो जबकि बालेश्वर, भद्रक, झारसुगुदा, बाड़गढ़, केन्द्रपाड़ा, क्योंझार और जाजपुर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जाजपुर जिले के कुन्दपटना में बिजली गिरने की घटना में कम से कम 11 पशुओं की भी मौत हो गयी।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा के 16 जिलों में शुक्रवार शाम आंधी और बिजली तड़कने को लेकर चेतावनी जारी की है। क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, जगतसिंहपुर, केंद्रापाड़ा, कटक, खोरधा, पुरी, गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगाड़ा, झारसुगुडा और देवगढ़ में शनिवार तक आंधी के साथ बारिश हो सकती है और बिजली तड़क सकती है। भुवनेश्वर स्थित मौसम कार्यालय के निदेशक शरत चंद्र साहू ने कहा कि अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में वर्षा होगी।












Click it and Unblock the Notifications