Video: लता मंगेशकर ने मुश्किल समय में दिया था अमित शाह का साथ, गृह मंत्री बोले- 'जीवन के नाजुक पलों में...'
मुंबई, 06 फरवरी। बॉलीवुड सिंगर लत मंगेशकर के निधन से आज (रविवार) पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। केंद्र सरकार की तरफ से दो दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। आज शाम महाराष्ट्र के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में हर कोई अपने-अपने तरीके से लता दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
Recommended Video

'मुश्किल समय में दिया साथ'
आपको बता दें कि कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद लता मंगेशकर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, करीब एक महीने तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद आखिरकार उन्होंने 92 वर्ष की उम्र में रविवार सुबह 8.12 बजे दुनिया को अलविदा कह दिया। लता दीदी को याद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'लता मंगेशकर जी ने अपना जीवन संगीत को समर्पित कर दिया। उसकी आवाज एक बच्चे की मुस्कान या सूर्योदय की तरह भगवान का उपहार थी जिसका कोई धर्म नहीं है।'

'लता मंगेशकर से गहरा नाता'
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लता मंगेशकर से उनका गहरा नाता था, स्वर कोकिला ने मुश्किल समय में उनका साथ दिया था। अमित शाह कहते हैं, 'उनके (लता दीदी) द्वारा छोड़े गए शून्य को भरना असंभव है। कई बार मेरे जीवन के नाजुक से नाजुक पलों में मुझे उन्होंने ढांढस बंधाने का भी काम किया है और हमेशा उन्होंने जब भी फोन किया तो फिल्म इंडस्ट्री के लिए किया, या संगीत के लिए किया।'

'सदैव हमारे बीच रहेंगी'
अमित शाह ने कहा, इतना समर्पित जीवन आज हम सबके बीच नहीं रहा है। लता दीदी का बचपन से ही संगीत के प्रति अद्वितीय समर्पण था। उनकी आवाज पूरे विश्व को ईश्वर की एक अनमोल देन थी। 7 दशकों तक उन्होंने अपनी मधुर वाणी से भारतीय संगीत को संवारा। मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

'उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति'
अमित शाह ने अपने एक ट्वीट में लता दीदी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, 'सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना व मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।' लता मंगेशकर के निधन पर अमित शाह ने अपने सभी कार्यक्रमों को भी रद्द कर दिया है।
यह भी पढ़ें: बेमिसाल लता: आसान नहीं था 'भारत की स्वर कोकिला' बनना, फिल्म से निकाल दिया गया था पहला गाना












Click it and Unblock the Notifications