Landslide in Karnataka: मरने वालों का आंकड़ा बढ़ा, राहत बचाव कार्य के बीच भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
Landslide in Karnataka: कर्नाटक के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़े हुए हैं। उत्तर कन्नड़ जिले के शिरूर में मंगलवार को हुए भूस्खलन की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
अंकोला के शिरूर के पास एनएच 66 पर भूस्खलन के बाद प्रशासन व एनडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटा रही है। लेकिन, बारिश की वजह से राहत बचाव कार्य में काफी दिक्कत आ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

एएनआई के अनुसार, लापता लोगों की खोज के लिए एनआरडीएफ की एक टीम खोज और बचाव अभियान चला रही है। 10वीं बटालियन एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अरुण ने बताया कि आज एक शव मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि यह गैस टैंकर ट्रक ड्राइवर का शव है। अब तक 7 शव मिल चुके हैं। बताया जा रहा है कि गंगेकोला में गोकर्ण के निकट अवंतिका का शव मिला जबकि टैंकर चालक का शव भूस्खलन वाले स्थान के नीचे गंगावली के मलबे के बहाव से बरामद किया गया।
Recommended Video
इन जिलों में भारी बारिस से तबाही
उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, शिमोगा, कोडागु जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है। निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। भारी बारिश के कारण स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से जगह जगह राहत बचाव कैंप लगाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
कर्नाटक में आफत के बीच मौसम विभाग ने फिर से तटीय इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान तेज बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिणी आंतरिक क्षेत्र में मध्यम बारिश होने की आशंका है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, चिक्कमगलुरु, कोडागु और शिमोगा जिलों के लिए रेड अलर्ट की घोषणा की गई है। बेलगावी, बीदर, कालाबुरागी, रायचूर, यादगिरी, हसन जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications