अर्द्धकुमारी में माता वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड, 6 लोगों की मौत और 14 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्द्धकुमारी के पास बड़े हादसे की खबर सामने आई है। इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप भूस्खलन की घटना से अफरा-तफरी मच गई। लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोगों के घायल होने की खबर है।
घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए कटरा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुताबिक राहत और बचाव अभियान आवश्यक जनशक्ति और मशीनरी के साथ तेजी से जारी है।

लगातार बारिश के कारण पूरे जम्मू में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू में लगातार हो रही बारिश के कारण दो दर्जन से ज्यादा घर और पुल क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि ज़्यादातर जलाशय खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं और कई निचले इलाके और सड़कें जलमग्न हो गई हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति को बताया गंभीर
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू प्रांत के कई हिस्सों में स्थिति को 'काफी गंभीर' बताया और घोषणा की कि वह राहत और बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के लिए श्रीनगर से अगली उपलब्ध उड़ान से जम्मू जाएंगे।
माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा पर रोक
जम्मू-श्रीनगर और किश्तवाड़-डोडा राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात रोक दिया गया है, जबकि भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण कई पहाड़ी सड़कें अवरुद्ध या क्षतिग्रस्त हैं। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा भी रोक दी गई है।
15 घर और चार पुल क्षतिग्रस्त
अधिकारियों के अनुसार, बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है- दो गंडोह में और एक ठठरी में- जबकि 15 घर और चार पुल क्षतिग्रस्त हो गए। किश्तवाड़, रियासी, राजौरी, रामबन और पुंछ सहित ऊंचाई वाले जिलों से सार्वजनिक और निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान की खबरें भी आई हैं। अधिकारियों ने कहा कि नुकसान की पूरी जानकारी ज़मीनी आकलन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में बाढ़ से निपटने के उपायों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, सभी आवश्यक कदम उठाने और आपातकालीन बहाली एवं राहत कार्यों के लिए उपायुक्तों को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कठुआ जिले के निचले इलाकों में भारी बाढ़
अधिकारियों ने बताया कि मोधोपुर बैराज का जलस्तर एक लाख क्यूसेक के स्तर को पार कर गया है और लगातार बढ़ रहा है, जिससे कठुआ जिले में रावी नदी के किनारे कई निचले इलाकों में भारी बाढ़ आ गई है। तराना, उझ, मग्गर खाद, सहार खाद, बसंतर (सांबा) और तवी व चिनाब नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान को पार कर गया है।
पुलिस और नागरिक अधिकारी बार-बार घोषणाएं कर रहे हैं और निवासियों से बाढ़ग्रस्त नदियों से बचने और सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह कर रहे हैं। तत्काल सहायता के लिए जिलेवार आपातकालीन हेल्पलाइन भी जारी की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications