रेप के आरोपी तांत्रिक को लालू यादव ने बनाया आरजेडी का राष्ट्रीय प्रवक्ता, बीजेपी ने साधा निशाना
तांत्रिक को प्रवक्ता बनाने पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू यादव को निशाने पर लिया है।
नई दिल्ली। बिहार की पॉलिटिक्स में एक तांत्रिक की एंट्री पर घमासान मच गया है। लालू यादव ने एक ज्योतिषाचार्य को आरजेडी का प्रवक्ता नियुक्त किया है अब बीजेपी कह रही है लालू को अब अपने कामों पर भरोसा नहीं है। पंडित शंकर चरण त्रिपाठी अब आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता होंगे। त्रिपाठी उतर प्रदेश सरकार में अधिकारी रहे हैं और कुछ क्षेत्रीय चैनलों पर वह सुबह-सुबह हर दिन भविष्यवाणी का कार्यक्रम करते हैं। लालू यादव ने ख़ुद मीडिया वालों के सामने त्रिपाठी का परिचय कराते हुए कहा कि वो तंत्र मंत्र के बहुत बड़े जानकार हैं और अब उसी से नीतीश कुमार का इलाज करेंगे।

सुशील मोदी ने साधा निशाना
तांत्रिक को प्रवक्ता बनाने पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू यादव को निशाने पर लिया है। सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि महाकवि तुलसीदास ने रामचरित मानस में लिखा है, जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी, सो नृप अवसि नरक अधिकारी। बिहार में जिनके 15 साल के राज में प्रजा (जनता) को कष्ट झेलना पड़ा, उन्हें कोई भी तांत्रिक नरक (जेल) जाने से नहीं बचा सकता। वह भूल गए कि तंत्र-मंत्र तो महागठबंधन सरकार बचाने में भी काम नहीं आए थे।

रेप के आरोपी हैं प्रवक्ता बने तांत्रिक
राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता बने पंडित शंकर चरण त्रिपाठी रिटायर्ड सेल्स अधिकारी हैं जो पूजा पाठ के साथ-साथ लोगों का भविष्य बताने का काम करते हैं। एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक जब वह फैजाबाद में सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात थे तभी उनकी बहू ने उनके ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। जनवरी 2015 में त्रिपाठी उनकी बहू ने उनके खिलाफ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उनके बेटे सौरभ त्रिपाठी की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 1 साल पहले हुई थी शादी के बाद लगातार सौरभ हमें तरह-तरह से प्रताड़ित करता था और अश्लील तस्वीर को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देता था। इस काम में उसके पिता भी साथ देते थे।

लालू का तंत्र-मंत्र से पुराना रिश्ता रहा है
दरअसल लालू का तंत्र-मंत्र से पुराना रिश्ता रहा है। पहले वो पगला बाबा के भक्त थे। पगला बाबा के कहने पर लालू ने सफेद कुर्ता पहनना कम कर दिया लेकिन पगला बाबा से दूर हुए तो नए बाबा की तलाश थी क्योंकि लालू कई तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं। ईडी, आईटी और सीबीआई लालू परिवार को पूछताछ के लिए बुला रही है। अब इस फैसले पर बीजेपी मजे ले रही है। बिहार के उपमुख्यंत्री कहते हैं, लालू को अपने कामों पर कम हाथों की लकीरों पर ज्यादा भरोसा है।












Click it and Unblock the Notifications