'अयोध्या में दिवाली' को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर लालू प्रसाद यादव ने क्या कहा?
लालू यादव ने कहा कि हर किसी को अपने धर्म और आस्था के आधार पर त्योहार मनाने की आजादी है, लेकिन भाजपा के नेताओं ने, खासकर सीएम योगी ने धर्म के नाम पर राजनीतिक ड्रामा किया है।
नई दिल्ली। अयोध्या में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का छोटी दिवाली पर 'भव्य दिवाली आयोजन' अब सियासी गलियारों में सुर्खियां बनता जा रहा है। विपक्ष ने जहां इस आयोजन के बाद भाजपा सरकार को घेरा तो वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी तगड़ा हमला बोला है। दिवाली के मौके पर मीडिया से बात करते हुए लालू यादव ने गुरुवार को कहा, 'भगवान राम भाजपा को दंड देंगे, क्योंकि ये लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। भगवान राम के नाम पर इस तरह सियासत का खेल खेलना गलत है।'

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए लालू यादव ने कहा कि उन्होंने भगवान राम के नाम पर राजनीतिक ड्रामा खेला है। उन्होंने कहा कि हर किसी को अपने धर्म और आस्था के आधार पर त्योहार मनाने की आजादी है, लेकिन भाजपा के नेताओं ने, खासकर सीएम योगी ने धर्म के नाम पर राजनीतिक ड्रामा किया है। लालू ने इस दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी वार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले से गरीबों की जीना दुश्वार हो गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को छोटी दिवाली के अवसर पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में भव्य आयोजन किया था। इस दौरान रामलीला के मंचन के लिए पुष्पक विमान की तर्ज पर हेलीकॉप्टर से राम, सीता और लक्ष्मण स्वरूप कलाकार अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी ने स्वयं उनका तिलक और आरती की। शाम को सरयू नदी के घाट पर 1 लाख 71 हजार दीपों से रोशनी की गई। इस भव्य आयोजन को लेकर भाजपा सरकार विपक्ष के निशाने पर है।












Click it and Unblock the Notifications