'PM मोदी,नीतीश कुमार के बच्चे नहीं हैं तो मैं क्या करूं...', 'परिवारवाद' की राजनीति पर लालू यादव का तंज
'PM मोदी,नीतीश कुमार के बच्चे नहीं हैं तो मैं क्या करूं...', 'परिवारवाद' की राजनीति पर लालू यादव का तंज
पटना, 11 फरवरी: राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है। लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि अगर बिहार के सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी के बच्चे नहीं हैं तो वो क्या करें। समाचार न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ एक साक्षात्कार में पीएम मोदी ने वंशवाद की राजनीति को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया था। इसी टिप्पणी पर लालू प्रसाद यादव ने प्रतिक्रिया दी है। लालू प्रसाद यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि वह भगवान से प्रार्थना करेंगे कि दोनों नेता बच्चों को 'परिवारवाद' में शामिल करें।

'भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मोदी-नीतीश के बच्चे मिले...'
लालू प्रसाद ने कहा, "अगर नीतीश कुमार और पीएम मोदी के बच्चे नहीं हैं तो मैं क्या कर सकता हूं? नीतीश कुमार का एक बेटा है लेकिन वह राजनीति के लिए फिट नहीं है। मैं क्या कर सकता हूं? मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें (मोदी-नीतीश) बच्चे मिले ताकि वे 'परिवारवाद' में शामिल हो सकते हैं।"

'जब मैं नकली समाजवाद कहता हूं, तो वह 'परिवारवाद' है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा, ''मैं समाज के लिए हूं। जब मैं नकली समाजवाद कहता हूं, तो वह 'परिवारवाद' है। क्या आपको लोहिया का परिवार कहीं दिखाई देता है? वह समाजवादी थे, क्या आप जॉर्ज फर्नांडीस के परिवार को देखते हैं? वह भी एक थे समाजवादी। नीतीश बाबू, वह हमारे साथ काम कर रहे हैं, वह भी समाजवादी हैं। क्या आप उनके परिवार को देखते हैं?"
Recommended Video

'वंशवादी राजनीति लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन है'
पीएम मोदी ने बुधवार को कहा, "जब एक पार्टी एक परिवार द्वारा पीढ़ियों तक चलाई जाती है, तो केवल वंश होता है, गतिशीलता नहीं। जम्मू-कश्मीर से शुरू करते हुए, जहां दो अलग-अलग परिवारों द्वारा संचालित दो पार्टियां हैं, आप हरियाणा, झारखंड, यूपी और तमिलनाडु में समान प्रवृत्ति देख सकते हैं। वंशवादी राजनीति लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन है।"












Click it and Unblock the Notifications