गोगरा हॉट स्प्रिंग्स से 12 सितम्बर तक हट जाएगा चीन, विदेश मंत्रालय ने बताया कैसे पूरा होगा डिसएंगेजमेंट
नई दिल्ली, 9 सितम्बर। लद्दाख में लंबे समय से तनाव का मुख्य बिंदु रहे गोगरा हॉट स्प्रिंग को लेकर गुरुवार को अच्छी खबर आई जब सेना ने बताया कि इस क्षेत्र से दोनों देशों ने सैनिकों के डिसएंगेजमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों देशों के बीच कई दौर की सैन्य और कूटनीतिक वार्ताओं के चलते इस पर सहमति बनी थी। 8 सितम्बर से शुरू हुई सैन्य विघटन (डिसएंगेजमेंट) की प्रक्रिया को 12 सितम्बर तक पूरा किया जाना है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है।
Recommended Video

गुरुवार को विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया था कि लद्दाख के गोगरा हॉटस्प्रिंग्स के पेट्रोलिंग प्वाइंट 15 (पीपी 15) से दोनों देशों ने अपने सैनिकों की डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया शुरू कर दी है। चीन ने भी इस बारे में पुष्टि की थी।
9 सितम्बर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता द्वारा इस प्रक्रिया के बारे में बयान जारी किया गया है। बयान के मुताबिक दोनों देशों के कॉर्प्स कमांडर स्तर की बैठक 17 जुलाई 2022 को चुशुल मोल्डो सेक्टर में हुई थी। इसके बाद से ही वार्ता में बनी सहमति के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए दोनों पक्ष लगातार एक दूसरे के साथ संपर्क में बने हुए थे।
इसके परिणामस्वरूप अब दोनों पक्ष गोगरा हॉट स्प्रिंग्स के पीपी 15 से डिसएंगेजमेंट पर सहमत हो गए हैं। सहमति के आधार पर इस क्षेत्र से डिसएंगेजमेंट की प्रक्रिया 8 सितम्बर 2022 को सुबह 8.30 बजे से शुरू की गई और यह 12 सितम्बर को पूरी हो जाएगी। दोनों पक्ष इस क्षेत्र से अग्रिम तैनाती को चरणबद्ध, समन्वयित और नियोजित तरीके से खत्म करेंगे। परिणामस्वरूप अपने सैनिकों को अपने क्षेत्र में वापस ले जाएंगे।
बयान में आगे कहा गया है कि इस बात पर सहमति बनी है कि इस क्षेत्र में दोनों पक्षों द्वारा किए गए सभी अस्थायी निर्माण और अन्य सहायक निर्माण ध्वस्त कर दिए जाएंगे जिनकी एक दूसरे द्वारा पुष्टि की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications