लद्दाख में बेमौसम बर्फबारी और भारी बारिश के बाद रेड अलर्ट, देखिए VIDEO
लद्दाख में भारी बारिश के साथ-साथ बेमौसम बर्फबारी ने मौसम विभाग का भी माथा घुमा दिया है। लद्दाख के बड़े हिस्से में बर्फबारी और भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग को रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि बारिश की वजह से लामायुरू में लेह-कारगिल-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भू-स्खलन भी देखने को मिला है, जिसकी वजह से सामरिक महत्त्व के इस हाइवे को बंद करना पड़ा है।

Recommended Video
लद्दाख में बेमौसम हो रही है बर्फबारी
अधिकारियों ने कहा है कि लेह और कारगिल जिलों के ऊंचाई वाले दर्रों के आसपास दो दिनों की बारिश के बाद रातभर बेमौसम बर्फबारी देखने को मिली है। उनके मुताबिक कारगिल के रंगदुम गांव में करीब 3 इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है, जबकि पेंसी ला और जांस्कर के अलावा कारगिल के आसपास के पहाड़ों पर भी बर्फ की चादरें बिछ गई हैं।
मौसम विभाग ने 24 घंटों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
उन्होंने जानकारी दी है कि एहतियात के तौर पर कारगिल-जांस्कर रोड को यातायात के लिए रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक भू-स्खलन के बाद मुख्य लेह-कारगिल हाइवे पर यातायात बहाल करने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौसम विभाग ने रविवार शाम तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने की भविष्यवाणी करते हुए इलाके में अगले 24 घंटों तक के लिए 'रेड कलर वार्निंग' (रेड अलर्ट) जारी किया है।
अचानक बाढ़ और भू-स्खलन के प्रति सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, 'लद्दाख के ऊंचे क्षेत्रों में व्यापक रूप से मध्यम से लेकर भारी बारिश और बर्फबारी हुई है। लोगों को सतर्क रहने और भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों से बचने की सलाह दी जाती है।' उन्होंने नदियों और नालों के जलस्तर में हुई वृद्धि को देखते हुए अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
4 से 5 इंच हुई बर्फबारी- जामयांग सेरिंग नामग्याल
वहीं लद्दाख से बीजेपी सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने ट्विटर पर बर्फबारी का एक वीडियो शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, 'केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में लेह और कारगिल जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में रविवार, 9 जुलाई, 2023 को बर्फ की एक नई परत बिछने का सौभाग्य मिला। खासकर, कारगिल जिले के रंगदुम क्षेत्र में लगभग 4 से 5 इंच ताजा बर्फबारी हुई।'
चट्टान गिरने से एक व्यक्ति की मौत-एआईआर
इस बीच एआईआर न्यूज की एक रिपोर्ट मुताबिक श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर द्रास के पंद्रास गांव के पास एक ट्रक और कार पर चट्टान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस रिपोर्ट के अनुसार कारगिल के निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से सड़क बंद करनी पड़ी हैं। क्योंकि, अचानक बाढ़ और चट्टानें गिरने की आशंका बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications