'गद्दार...', कुणाल कामरा की शिंदे पर टिप्पणी से बवाल, FIR दर्ज, शिवसेना नेता बोले- 'तुम्हें देश छोड़ना पड़ेगा'
Kunal Kamra On Eknath Shinde: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा फिर से विवादों में घिर गए हैं। कुणाल कामरा ने शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अभद्र टिप्पणी की है। कुणाल कामरा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब चैनल पर महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बिना नाम लिए कुणाल कामरा ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर तीखी टिप्पणी की।
मुंबई के खार स्थित होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में फिल्माए गए कुणाल कामरा के शो में एकनाथ शिंदे पर 'गद्दार' का तंज कसा गया था। उन्होंने फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक गाने में बदलाव करके डिप्टी सीएम का मजाक उड़ाया था। इस अभद्र टिप्पणी को लेकर शिवसेना नेताओं में गुस्सा है और उन्होंने कुणाल कामरा को चेतावनी दी है। पार्टी नेताओं ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।

कॉमेडियन कुणाल कामरा पर FIR दर्ज
वीडियो के वायरल होने के बाद नाराज शिवसैनिकों ने रविवार 23 मार्च को मुंबई के खार इलाके में स्थित स्टूडियो और होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की है। कुणाल कामरा के खिलाफ MIDC पुलिस स्टेशन में शिंदे सेना विधायक मुराजी पटेल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने एक्स पर कुणाल कामरा का वीडियो शेयर किया था, जिसमें कैप्शन लिखा था, "कुणाल का कमाल"।
कॉमेडियन कुणाल कामरा के गाने के बोल, जिस पर मचा है बवाल
''ठाणे की रिक्शा चेहरे पर दाढ़ी, आंखों पर चश्मा हाय !
एक झलक दिखलाए कभी, गुवाहाटी में छुप जाए।
मेरी नजर से तुम देखो गद्दार नजर वो आए
ठाणे की रिक्शा, चेहरे पर दाढ़ी , आंखों ओआ चश्मा हाय।
मंत्री नही है वो दल बदलू हैं और कहा क्या जाए, जिस थाली में खाये उसमें ही वो छेद कर जाए
मंत्रालय से ज्यादा फडणवीस की गोदी में मिल जाए।
तीर कमान मिला है इसको बाप मेरा ये चाहे
ठाणे की रिक्शा चेहरे पर दाढ़ी, आंखों पर चश्मा हाय !''
शिवसेना के लोकसभा सांसद बोले- 'कुणाल कामरा को देश छोड़ना पड़ेगा'
शिवसेना के लोकसभा सांसद नरेश म्हास्के ने कुणाल कामरा को धमकाया है। सांसद नरेश म्हास्के ने चेतावनी दी कि 'उन्हें सांप की पूंछ पर पैर नहीं रखना चाहिए, एक बार जब नुकीले दांत निकल आएंगे, तो इसके भयंकर परिणाम होंगे।'
ठाणे के सांसद नरेश म्हास्के ने कहा, "हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आप पूरे देश में स्वतंत्र रूप से नहीं घूम सकें। हम दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के शिव सैनिक हैं। अगर हम आपके पीछे पड़ जाए तो आपको देश छोड़ना पड़ेगा।"
सांसद नरेश म्हस्के का आरोप-उद्धव ठाकरे से पैसे लेकर कही ऐसी बात
सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि कुणाल कामरा पैसे के लिए हम पर और हमारे नेता पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि 'कुणाल कामरा अब तुम मुंबई में नहीं, भारत में भी नहीं रह सकते हो...हमारे शिवसैनिक आपको आपकी सही जगह दिखाएंगे।'
सांसद नरेश म्हस्के ने आरोप लगाया कि कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे को निशाना बनाने के लिए उद्धव ठाकरे से पैसे लिए थे। उन्होंने कहा, "उनकी (उद्धव) पार्टी के पास कोई नहीं बचा है, इसलिए वह ऐसे लोगों को काम पर रख रही है। कामरा को अब शिंदे की आलोचना करने के परिणामों का एहसास होगा।"
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने भी कुणाल कामरा को चेतावनी दी कि वह उन्हें "उनकी औकात" दिखा देंगे और उनसे इस मुद्दे पर माफी मांगने को भी कहा।












Click it and Unblock the Notifications