पाकिस्तान जाकर कुलभूषण जाधव का केस लड़ने को तैयार उज्जवल निकम
उज्जवल निकम ने कहा है कि फांसी की सजा सुनाए गए भारतीय नागरिक और पूर्व नौसेना के अधिकारी कुलभूषण जाधव के लिए वो पाकिस्तान जाकर मुकदमा लड़ने को तैयार हैं।
नई दिल्ली। देश के जाने-माने विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने अब कुलभूषण जाधव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
निकम ने कहा है कि फांसी की सजा सुनाए गए भारतीय नागरिक और पूर्व नौसेना के अधिकारी कुलभूषण जाधव के लिए वो पाकिस्तान जाकर मुकदमा लड़ने को तैयार हैं। निकम ने ये बात 'आज तक' न्यूज चैनल से कही।

काउंसलर एक्सेस नहीं दिया...क्यों?
उज्जवल निकम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जिसे फांसी की सजा सुनाई जाती है, उस व्यक्ति को काउंसलर एक्सेस नहीं देना, ये साबित करता है कि जाधव ने जो किया वो दवाब में किया इसलिए कहीं पाकिस्तान की पोल न खुल जाए वो उसे किसी से मिलने नहीं देना चाहते है, ये पाकिस्तान की नीयत को साफ दर्शाता है।

शायद जाधव जिंदा ही ना हो...
निकम ने ये भी आशंका जताई कि शायद जाधव जिंदा ही ना हो, इसलिए पाकिस्तान उसे किसी से मिलवा नहीं रहा हो, उसने मारपीट कर जाधव से बयान लिखवाया हो और अगर ऐसा है तो वो गलत है और कानून इसे मान्यता नहीं देता है।

जाधव के मौत की सजा सुनाई है
मालूम हो कि पाकिस्तान की मिलिट्री कोर्ट ने भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव के मौत की सजा सुनाई है। तब से लेकर अब तक पाकिस्तान ने जाधव से जुड़ी कोई भी जानकारी भारत के साथ साझा नहीं की है।

पाकिस्तान से 13 बार अपील की जा चुकी है...
भारत ने पाकिस्तान से 13 बार अपील की जा चुकी है कि जाधव को काउंसलर मुहैया कराया जाए लेकिन पाक ने 13 ही बार इस अपील को खारिज कर दिया है।

जासूसी के आरोपों के चलते गिरफ्तार किया गया था
जाधव को पिछले वर्ष पाकिस्तान में जासूसी के आरोपों के चलते गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान की सरकार ने जाधव के प्रत्यर्पण से साफ इंकार कर दिया था। जाधव को पिछले वर्ष उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था जब वह ईरान के रास्ते बलूचिस्तान में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने आरोप लगाया है कि जाधव पाकिस्तान में विनाशक और आतंकी गतिविधियों में शामिल था।












Click it and Unblock the Notifications