KSRTC Driver Video: कर्नाटक में बीच सड़क बस रोककर नमाज़ पढ़ने लगा ड्राइवर, अब सरकार ने दिए जांच के आदेश
KSRTC driver namaz video: कर्नाटक के हुबली-हावेरी मार्ग पर एक अनोखी घटना सामने आई, जब एक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के बस ड्राइवर ने बीच रास्ते में बस रोककर नमाज़ अदा की। इस दौरान बस में यात्री मौजूद थे, जिन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले पर राज्य सरकार ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि ड्राइवर सीट पर बैठकर नमाज पढ़ रहा है, जबकि बस सड़क के किनारे खड़ी है और ट्रैफिक तेज़ी से गुजर रहा है।

वहीं, बस में बैठे यात्री भी असहाय नजर आ रहे हैं। यह घटना मंगलवार शाम को हुबली-हावेरी मार्ग पर जावेरी के पास की बताई जा रही है। वीडियो के वायरल होते ही कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और इसे सार्वजनिक सेवा नियमों का उल्लंघन बताया। वहीं, कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
विभाग ने कहा है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (NWKRTC) के प्रबंधक को भेजे गए पत्र में मंत्री ने कहा, 'सार्वजनिक सेवा में तैनात कर्मचारियों को ड्यूटी के समय नियमों का पालन करना आवश्यक है। सभी को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन उसे ड्यूटी के समय और सेवा की जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए अदा करना चाहिए।'
पत्र में यह भी कहा गया है कि यात्रियों के बस में होने के बावजूद बीच रास्ते में बस रोककर नमाज पढ़ना आपत्तिजनक है। मंत्री ने आगे कहा कि इस वायरल वीडियो की तुरंत जांच करें। उन्होंने दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications