पिनाकी बनर्जी कौन है? कोलकाता गैंगरेप केस में पुलिस ने की चौथी बड़ी गिरफ्तारी, क्या है इस शख्स की कहानी
कोलकाता पुलिस ने शनिवार को साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड को कैंपस में फर्स्ट ईयर की लॉ छात्रा के साथ गेंगरेप के मामले में गिरफ्तार किया। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। गार्ड की पहचान 55 वर्षीय पिनाकी बनर्जी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पिनाकी बनर्जी के जवाब असंगत (Incoherent) थे। साथ ही वह वारदात के वक्त कॉलेज कैंपस में मौजूद था, जिसकी पुष्टि CCTV फुटेज से हुई है। पुलिस ने कहा कि गार्ड अपनी ड्यूटी निभाने में पूरी तरह असफल रहा और यह भी जांच हो रही है कि घटना के समय वह ड्यूटी पर अकेला था या नहीं।

पुलिस का बयान
एक अधिकारी ने बताया कि, 'गार्ड यह साफ नहीं कर पाया कि उसने तीन आरोपियों को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। वह अपने गार्ड रूम को छोड़कर बाहर क्यों गया और किसके कहने पर गया। इस पर भी जवाब नहीं दे पा रहा है। ये बातें उसे संदेह के घेरे में लाती हैं।'
क्या है पूरा मामला?
FIR के मुताबिक, 24 साल की पीड़िता 25 जून की शाम कॉलेज में परीक्षा फॉर्म भरने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान कॉलेज परिसर में उसके साथ गैंगरेप किया गया। ये वारदात शाम 7:30 से रात 10:50 बजे के बीच हुई।
छात्रा ने शिकायत में बताया कि, 'मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा (31) - जो कॉलेज स्टाफ का सदस्य और पेशे से वकील है। उसने पहले उसे शादी का झांसा दिया और फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, उसने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और वायरल करने की धमकी दी।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
- 1.मनोजित मिश्रा (31)- कॉलेज स्टाफ, TMCP (तृणमूल छात्र परिषद) का पूर्व नेता
- 2. जैब अहमद (19)- छात्र
- 3. प्रमित मुखर्जी (20)- छात्र
तीनों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 1 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
चोट और धमकी
छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, यहां तक कि हॉकी स्टिक से हमला करने की कोशिश की गई। मेडिकल रिपोर्ट में जबरन संबंध, शरीर पर दांत के निशान और नाखूनों के खरोंच की पुष्टि हुई है।
परिवार को बताने के बाद की गई FIR
अगले दिन (26 जून) छात्रा ने परिवार को घटना की जानकारी दी और कसबा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और घटना की जगह को फॉरेंसिक टीम ने सील कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications