क्या सिर्फ खाट को याद रखेंगे, राहुल की बातों को भूल जाएंगे यूपी के लोग?
नई दिल्ली। 6 सितंबर दिन मंगलवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देवरिया से दिल्ली किसान यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान एक खाट सभा कराई गई।

सभा में आए लोगों ने राहुल की बातें सुनी या नहीं, लेकिन वो खाट जरूर उठा ले गए। उसके बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की कही हुई बातों पर चर्चा कम खाट पर चुटकुले और इस सभा के आईडिया पर बहस ज्यादा हो रही है।
खैर, आईये हम आपको बताते हैं कि राहुल गांधी ने बीते 6 सितंबर से आज तक की अपनी किसान यात्राओं में क्या-क्या वादे किए हैं और उन्होंने किस तरह से जनता को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के मैनिफैस्टो का एहसास करा रहे हैं।
देवरिया-कुशीनगर से शुरूआत

राहुल गांधी के सभा की शुरूआत प्रदेश के देवरिया और कुशीनगर जिले से हुई जो पूर्वांचल का हिस्सा है और गोरखपुर मंडल के अंतर्गत आता है।
जिले में खाट सभा के दौरान राहुल ने कहा था कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे, बिजली के बिल हाफ करेंगे।
उन्होंने किसानों से रुबरू होते हुए हा था कि उनकी सरकार आने पर कृषि उत्पादों के समर्थन मूल्य का हिसाब भी किया जाएगा।
राहुल ने कहा था कि कांग्रेस ने अपने कुल शासनकाल में 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्योगपतियों का 50 हजार करोड़ रुपए माफ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि मोदी किसानों के सबसे बड़े दुश्मन साबित हो रहे हैं। महंगाई के मुद्दे पर राहुल ने देवरिया में कहा था कि किसानों से 40 रुपए में दाल खरीद कर बाजार में 200 रुपए किलो बेची जा रही है।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के नियमितता के मुद्दे पर जब आंदालोनरत कार्यकर्ता राहुल से मिले तो उन्होंने ने कहा - सिस्टर घबराओं नहीं, यूपी में कांग्रेस की सरकार बनवाओ, हम आपकी मांग पूरी करेंगे।
गोरखपुर में उठाया इंसेफेलाइटिस का मुद्दा

7 तारीख को राहुल गोरखपुर और संतकबीरनगर (खलीलाबाद) में कहा कि जनता त्रस्त है और मोदी जी मस्त हैं। गोरखपुर में जहां राहुल ने रोड शो किया वहीं संतकबीरनगर के शुगर मिल परिसर में खाट सभा की।
गोरखपुर में राहुल ने कहा कि इंसेफेलाइटिस के इलाज का रुपया मोदी जी ने रोक दिया है।
खलीलाबाद में राहुल ने उन लोगों को भी जवाब दिया जो देवरिया की सभा में खाट उठा ले जाने वालों को चोर और लुटेरा कहा था। राहुल ने कहा कि कोई खाट ले जाए तो चोर,फिर माल्या डिफाल्टर कैसे?
बस्ती में कहा झूठे वादों से देश नहीं चलता

8 तारीख को राहुल की यात्रा बस्ती पहुंची। जहां कप्तानगंज और हर्रैया में राहुल ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि झूठे वादों से नहीं चलता।
वो किसानों और युवाओं के हितैषी नहीं है। वो पूरे रोडशो के दौरान सिर्फ भाजपा पर हमलावर रहे। उन्होंने पीएम मोदी के 15 लाख रुपए हर खाते के वादे पर भी तंज कसा।
गोंडा की खाट सभा में कहा कांग्रेस करेगी सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व

गोंडा में राहुल गांधी ने कहा था कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो उसमें सभी वर्गों का प्रतिनिधितव रहेगा। मैं इस बात को सुनिश्चित कर सकता हूं कि कांग्रेस सभी धर्मों और जाति के लोगों को टिकट देगी।
राहुल ने कहा था कि हम किसी एक जाति की सरकार न हो कर सभी की सरकार करेंगे। यह सरकार किसानों, मजदूरों और उन सभी की सरकार होगी जिसके जीवन में कोई दिक्कत हो।
मोदी सरकार किसानों को कर रही है नजरअंदाज

9 सितंबर को राहुल की किसान यात्रा अयोध्या-फैजाबाद और अंबेडकरनगर पहुंची। अंबेडकरनगर में राहुल ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को नजरअंदाज कर रही है।
किसान यात्रा के चौथे दिन राहुल ने कहा कि जब यूपीए सरकार के पास पैसे नहीं थे तब भी किसानों के 70 हजार करोड़ रुपए ऋण माफ किए गए। हम किसानों के लिए काम करने के लिए संकल्पित हैं जिन्हें मोदी सरकार नजरअंदाज कर रही है।
फैजाबाद के रोड में शो में राहुल ने कहा कि तकरीबन ढाई साल होने को हैं, नरेंद्र मोदी जी की सरकार बने। जब वो पीएम बने थे, तो उन्होंने कुछ वायदे किए थे, जैसे हर खाते में 15 लाख रुपए आएंगे।
उन्होंने यह भी कहा था कि वो 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। किसानों के लिए भी खूब वादे किए थे। लेकिन उन्होंने किसानों,गरीबों का कर्जा माफ नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications