चुनावों से पहले पाकिस्तान में बना हिंदु नेताओं की हत्या का प्लान
विधानसभा चुनावों से पहले पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा ने बनाई भारत में हिंदू नेताओं के कत्ल की बड़ी साजिश।
नई दिल्ली। अगले कुछ माह में देश के कुछ राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश और पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों से पहले पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने सिख चरमपंथियों के साथ मिलकर एक खतरनाक प्लान को तैयार किया है।

आईबी को मिले कुछ रिकॉर्ड्स
इंटेलीजेंस ब्यूरों (आईबी) के हाथ कुछ बातचीत के रिकॉर्ड्स लगे हैं। इन रिकॉर्ड्स में उन्हें इस बात का पता चला है कि लश्कर देश में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेताओं की हत्या की साजिश रच रहा है।
देश में काउंटर टेररिज्म की यूनिट मल्टी एजेंसी सेंटर की ओर से जानकारी दी गई है कि आतंकियों की फौज को बड़ी संख्या में चुनावों से पहले हिंदू नेताओं पर हमले करने के आदेश दिए गए हैं।
सिख चरमपंथियों के साथ लश्कर
आईबी के एक अधिकारी की ओर से कहा गया है कि जो रिकॉर्ड उनके हाथ लगे हैं वह ग्रेड ए के हैं। जो जानकारी मिली है उससे पता लगता है कि सिख चरमपंथियों को एक ग्रुप और लश्कर के आतंकी एक साथ मिलकर भारत में बड़े हमलों की साजिश तैयार कर चुके हैं।
इस अधिकारी ने बताया कि संबंधित राज्यों की पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों को शक है कि पंजाब और उत्तर प्रदेश में इस साजिश को अंजाम दिया जा सकता है।
दो तरह से की गई हमलों की साजिश
जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक हमलों की साजिश दो तरह से की गई है। जहां सिख चरमपंथी हिंदू नेताओं को निशाना बनाएंगे, लश्कर फिदायीन हमलों को अंजाम देगा। हिंदू नेताओं की हत्या से तनाव पैदा होगा और फिर दंगे भड़क सकते हैं।
इसकी वजह से सुरक्षा तंत्र को कुछ समय के लिए परेशान किया जा सकता है और तब लश्कर बड़े हमले कर पाएगी। आईबी अब सिख चरमपंथियों के सिर उठाने को लेकर भी काफी परेशान है।
वह कहते हैं कि सिख चरमपंथ वाकई एक बड़ा खतरा बनता जा रहा है। पाक की इंटेलीजेंस एजेंसी आईएसआई इन चरमपंथियों को अब भारत में लॉन्च कर रही है।
जारी हुआ है एक अलर्ट
ये ग्रुप भारत में उस समय हमले की तैयारी में है जब सुरक्षा अधिकारी चुनावों के लिए ड्यूटी में बिजी होंगे। इस बारे में एक अलर्ट जारी कर दिया गया है जिसमें कहा गया है कि आतंकी चुनावों से पहले किसी भी पल हमले कर सकते हैं। लश्कर-ए-तैयबा अब आने वाले महीनों के अंदर कश्मीर से बाहर भी हमलों की तैयारी कर रही है।
सिमी भी फिराक में
आईबी की ओर से पुलिस को जानकारी दे दी गई है कि वह सिमी जैसे संगठनों पर भी नजर रखे। दो हफ्ते पहले आईबी के एक अलर्ट की ओर से बताया गया कि सिमी मध्य प्रदेश में अपने आठ सदस्यों की हत्या बदला लेने की कोशिशों में है और कुछ भी कर सकता है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के भोपाल की एक जेल से भागे आठ लोगों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। कहा गया था कि ये आठों सिमी के सदस्य थे।












Click it and Unblock the Notifications