'8 साल की थी जब पिता ने मेरे साथ...' खुशबू सुंदर ने किया चौंकाने वाला खुलासा, अपने ही पिता पर लगाए आरोप
हाल ही में खुशबू सुंदर ने खुलासा किया कि बचपन में वे किसी और से नहीं बल्कि खुद अपने ही पिता से यौन शोषण का शिकार हो चुकी हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि कैसे 15 साल की उम्र में उनके अंदर इस बारे में बात करने की हिम्मत आई।

अभिनेता से नेता बनीं खुशबू सुंदर उस वक्त सुर्खियों में रहीं, जब उन्हें हाल ही में राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य के रूप में नामित किया गया। एक्ट्रेस ने खुद भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर धन्यवाद दिया। अब खुशबू सुंदर एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं और इस बार एक्ट्रेस किसी और वजह से नहीं बल्कि अपनी जिंदगी के बारे में किए एक खुलासे को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने साथ हुए यौन शोषण के बारे में बात की है।

'मैं आपका समर्थन चाहती हूं'
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य के रूप में नामित होने वाली खुशबू ने हाल ही में खुद से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। इससे पहले एक पोस्ट शेयर कर उन्होंने कहा था कि मैं आप सभी की प्रार्थना और समर्थन चाहती हूं ताकि हमारी देवियों के हितों की रक्षा जीवन के सभी क्षेत्रों में हो सके।

एक्ट्रेस का चौंकाने वाला खुलासा
अब बरखा दत्त को दिए एक इटरव्यू में खुशबू सुंदर ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक्ट्रेस ने कहा कि मुझे लगता है कि जब एक बच्चे के साथ दुर्व्यवहार होता है तो ये बच्चे को जीवन भर के लिए डरा देता है और ये एक लड़का या लड़की के लिए ही नहीं है। अपने बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरी मां सबसे अपमानजनक शादी से गुजरी हैं। एक आदमी जिसने शायद सोचा कि अपनी पत्नी को पीटा, अपने बच्चों को पीटना और अपनी इकलौती बेटी का शोषण करना उसका जन्मसिद्ध अधिकार है।
'मैं सिर्फ 8 साल की थी जब...'
उन्होंने आगे कहा कि मैं सिर्फ 8 साल की थी, जब ये सब शुरू हुआ। लेकिन मेरे अंदर उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत तब आई, जब मैं 15 साल की हुई। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि उन्हें लगता था कि कोई भी उनपर भरोसा नहीं करेगा। एक डर जो हमेशा मेरे साथ रहा, वो ये था कि क्या पता मेरी मां मुझपर भरोसा ना करें। क्योंकि मैंने उन्हें उस माहौल में देखा है जहां कुछ भी हो जाए, लेकिन वो अपने पति को देवता मानेंगी।

'15 की हुई तो लगा कि अब बस...'
खुशबू सुंदर ने कहा कि फिर 15 साल की होने पर मुझे लगा कि बस अब बहुत हो गया है। फिर मैंने उनके खिलाफ आवाज उठाना शुरू कर दिया। हमारे पास जो कुछ भी था, उसे हमने छोड़ दिया। हमें ये भी नहीं पता था कि खाना कहां से आएगा। लेकिन उस वक्त मैंने आवाज उठाई।
2021 में हारी थीं चुनाव
बताते चलें कि खुशबू सुंदर एक एक्ट्रेस, फिल्म निर्माता और टेलीविजन प्रेजेंटर हैं। शुरुआत में वे डीएमके में शामिल हुई थीं लेकिन फिर बाद में कांग्रेस का दामन थाम लिया और पार्टी की प्रवक्ता बन गईं। इसके बाद एक्ट्रेस भाजपा में शामिल हो गईं और साल 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में लड़ीं लेकिन डीएमके के एन एझिलन से हार गईं। अब एनसीडब्ल्यू में अपने नामांकन के बाद उन्होंने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया।









Click it and Unblock the Notifications