Amritpal Singh का नया वीडियो मैसेज, कहा- भगोड़ा नहीं हूं, सरकार-पुलिस से कोई डर नहीं, जल्द सबके सामने आऊंगा
Amritpal Singh पिछले 12 से अधिक दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रिपोर्ट्स के अनुसार उसकी लोकेशन की सटीक जानकारी नहीं है। इसी बीच अमृतपाल ने वीडियो मैसेज में कहा, जल्द सबके सामने आऊंगा, भगोड़ा नहीं हूं। जानिए मामला

Khalistan का नाम Amritpal Singh के कारण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अमृतपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर नई वीडियो रिलीज की है। इसमें उसने कहा है कि वह भगोड़ा नहीं है और जल्द ही लौटकर पंजाब आएगा। बता दें कि अमृतपाल अजनाला में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के बाद सुर्खियों में आया था। बाद में इसने गृह मंत्री शाह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए धमकी भी दी थी। अब पुलिस राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) कानून के तहत आरोपी अमृतपाल को तलाशने में जुटी है। इसी बीच अमृतपाल ने नई वीडियो में कहा, "मैं भगोड़ा नहीं हूं... जल्द ही बाहर आऊंगा।'
18 मार्च से फरार है Amritpal Singh
अमृतपाल सिंह के नए वीडियो पर इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, भगोड़े खालिस्तानी अलगाववादी अमृतपाल सिंह ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें वह कह रहा है कि वह जल्द ही दुनिया के सामने आएगा। एक हफ्ते से भी कम समय में अमृतपाल का ये दूसरा वीडियो है। इसमें उसे कहते सुना जा सकता है कि वह भगोड़ा नहीं है। बता दें कि खुद को वारिस पंजाब दे का प्रमुख बताने वाले अमृतपाल को पुलिस दो हफ्ते से भी अधिक समय से तलाश रही है। 18 मार्च को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद से अमृतपाल फरार है।
पुलिस या सरकार से कोई डर नहीं
गुरुवार को एक यूट्यूब चैनल पर जारी वीडियो में अमृतपाल सिंह को यह कहते हुए देखा जा सकता है, "मैं भगोड़ा नहीं, बल्कि बागी हूं। मैं भागा नहीं हूं। मैं जल्द ही दुनिया के सामने पेश होऊंगा। मैं किसी से नहीं डरता।" सरकार जो करना चाहती है करे। बकौल अमृतपाल, 'जो कोई भी मुझे पीटना चाहता है, मैं डरने वाला नहीं हूं.'
परिवार से कहा- कमजोर ना पड़ें, राह कांटों भरी है
वीडियो में अमृतपाल ने अपने परिवार को मजबूत रहने के लिए कहा और कहा कि वह जिस रास्ते पर चल रहे हैं वह कांटों भरी राह है। अमृतपाल ने अकाल तख्त के जत्थेदार से समुदाय के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सिख मण्डली सरबत खालसा को बुलाने की भी अपील की।
बड़े मकसद के लिए एकजुट होने का आह्वान
बता दें कि एक दिन पहले- बुधवार को जारी वीडियो में अमृतपाल सिंह ने दुनिया भर के सिखों से "एक बड़े मकसद के लिए एकजुट होने" की अपील की।उन्होंने दुनिया भर के सिख संगठनों से बैसाखी पर सरबत खालसा कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वर्ण मंदिर के जत्थेदार को इस मामले में स्टैंड लेना चाहिए और सभी जत्थेदारों और टकसालों को भी सरबत खालसा में भाग लेना चाहिए।
क्या है सरबत खालसा की बैठक
बता दें कि सरबत खालसा की बैठक में विभिन्न सिख संगठनों के लोग समुदाय से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए जुटते हैं। चर्चा के बाद, अकाल तख्त के जत्थेदार समुदाय को बैठक में चर्चा के बाद हुए समाधानों का पालन करने का निर्देश देते हैं।
सोशल मीडिया पर ऑडियो भी वायरल हुई
अमृतपाल से जुड़े कंटेंट पर इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को कथित तौर पर अमृतपाल सिंह का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ। ऑडियो में अलगाववादी नेता अमृतपाल यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने पंजाब सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण के लिए कोई मांग नहीं रखी है। इस ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर अमृतपाल नाम के व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "ये सब अफवाहें हैं। मैंने सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण की कोई मांग नहीं रखी है। मैं जेल जाने या पुलिस हिरासत से नहीं डरता। वह जो करना चाहते हैं, उन्हें करने दीजिए।"











Click it and Unblock the Notifications