Wayanad Landslide: वायनाड में आई 'तबाही' से मौत का आंकड़ा पहुंचा 106, वायुसेना के 2 हेलीकॉप्टर, 225 जवान तैनात
Wayanad Landslides All Update: देश में सुबह-सुबह केरल से एक बुरी खबर सामने आई। वायनाड जिले में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच मेप्पाडी के पास पहाड़ी इलाकों में भारी भूस्खलन हुआ, जिसके मलबे में दबने से अब तक 106 लोगों की मौत हो गई, जबकि 128 के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं सैकड़ों लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
वायनाड में चार घंटे के भीतर तीन भूस्खलन होने के बाद एनडीआरएफ और सेना सहित कई एजेंसियों ने मोर्चा संभाला हुआ है। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर और 225 जवान तैनात है। बचाव अभियान जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद राज्य सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

मालूम हो कि मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांव सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से हैं। चालियार नदी में कई लोगों के बह जाने की आशंका है। वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे दिल दहला देने वाली आपदा बताया साथ ही कहा कि लैंडस्लाइड से पूरा इलाका ही खत्म हो गया।
भयानक तबाही का मंजर
भूस्खलन ने अपने पीछे तबाही का भयानक मंजर छोड़ा है। पेड़ों से लेकर घर तक सब कुछ खत्म होते दिखाई दे रहे हैं। बाढ़ के पानी में बह गए वाहनों को पेड़ों के तने में फंसा हुआ देखा जा सकता है। लगातार बारिश के कारण बचाव अभियान में रुकावट भी आई और बचावकर्मियों के रास्ते में बड़े-बड़े पत्थर आने के कारण कुछ इलाकों तक पहुंचना भी संभव नहीं था।
वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर मुस्तैद
इधर, भारतीय सेना ने एक बयान में कहा कि उन्होंने मेडिकल टीम समेत 225 कर्मियों को तैनात किया है। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर, एक Mi-17 और एक ALH (एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर) को भी रेस्क्यू में लगाया गया है। वहीं सभी राहत कार्यों की निगरानी के लिए पैरा रेजिमेंट के तहत कालीकट में एक नियंत्रण केंद्र भी स्थापित किया गया है।
पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से बात की और उन्हें संकट से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपए का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications