Kerala Chunav Results: सीएम विजयन ने सोमवार को शपथ ग्रहण की खबरों को बताया गलत
Kerala Chunav Results: सीएम विजयन ने कल शपथ ग्रहण समारोह की खबरों को बताया गलत
त्रिवनंतपुरम, 2 मई: केरल विधानसभा चुनावों में एलडीएफ की जीत पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि राज्य के लोगों ने हमारे काम से खुश होकर हमारे पक्ष में फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि वो इस जीत को प्रदेश के लोगों को समर्पित करते हैं। हालांकि यह समय जीत का जश्न मनाने का नहीं है क्योंकि कोविड संक्रमण बढ़ रहा है। यह समय कोविड संक्रमण के खिलाफ लड़ाई लड़ने का है। ऐसे में मैं कहूंगा कि पार्टी कार्यकर्ता कोई जश्न ना मनाएं।

कल नहीं होगा केरल में शपथ ग्रहण
विजयन ने कहा कि कुछ खबरों में कहा गया है कि सोमवार को शपथ ग्रहण होगा। मैं बताना चाहता हूं कि कल शपथ ग्रहण समारोह होने वाली खबर सच नहीं है। कल मैं तिरुवनंतपुरम पहुंचकर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपूंगा। इसके बाद बाकी का फैसला हमारी पार्टी और एलडीएफ के दल बैठक में करेंगे।
केरल सीएम पिनारयी विजयन ने भारतीय जनता पार्टी को भी निशाने पर लिया
भाजपा के शीर्ष नेताओं ने प्रचार के दौरान घोषणा की थी कि वे केरल में सरकार बनाएंगे। पीएम, गृह मंत्री और मुख्यमंत्रियों सहित तमाम बड़े भाजपा नेता यहां प्रचार करने आए। उस समय हमने कहा था कि भाजपा नेता कितनी भी कोशिश कर लें, केरल में उनका खाता नहीं खुलेगा, ये अब साफ हो गया है।
एलडीएफ को मिली है बड़ी जीत
केरल विधानसभा चुनाव में 1980 से हर पांच साल बाद सरकार बदलने का इतिहास रहा है। सीपीएम नेता और एलडीएफ के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नया इतिहास रच डाला है। केरल में चार दशक बाद ऐसा हो रहा है, जब वहां सत्ताधारी दल ही चुनावों के बाद फिर से सत्ता में वापसी कर रही है। राज्य की 140 सीटों में एलडीएफ को 97 सीटें मिल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications