केरल के कोट्टयम में रेस्टोरेंट मालिक ने रेलवे ट्रैक पर कूदकर दी जान, कोरोना काल में आर्थिक संकट से था परेशान
कोट्टयम। कोरोना महामारी के कारण देशभर में पैदा हुए वित्तीय संकट से लोग अभी भी जूझ रहे हैं। देश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ लोगों की आर्थिक स्थिति भी अभी तक ठीक नहीं हुई है, जिसकी वजह से लोग हताशा का शिकार हो रहे हैं और मौत को गले लगा रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला केरल को कोट्टयम से सामने आया है, जहां 42 साल के एक रेस्टोरेंट मालिक ने आर्थिक स्थिति से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इस शख्स ने सुसाइड करने से पहले फेसबुक पर एक नोट भी पोस्ट किया था।

रेलवे ट्रैक पर कूदकर दी अपनी जान
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, कोट्टयम जिले के कुरिची इलाके में स्थित रेस्टोरेंट मालिक सरीन मोहन ने मंगलवार तड़के कुरिची लेवल-क्रॉस के पास एक तेज रफ्तार ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। आपको बता दें कि सरीन मोहन कुरिची इलाके में 'विनायक होटल' के मालिक थे। वो 6 महीने पहले ही विदेश से केरल लौटे थे और रेस्टोरेंट की शुरुआत की थी। उन्होंने सुसाइड नोट में इस बात का जिक्र किया है कि कोरोना महामारी के कारण लगाए गए लॉकडाउन ने उनके काम धंधे को पूरी तरह से चौपट कर दिया।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद बंद हो गया रेस्टोरेंट
सरीन ने अपने सुसाइड नोट में कहा है कि 6 महीने पहले जब उन्होंने रेस्टोरेंट की शुरुआत की थी तो उन्हें नहीं पता था कि केरल में कोरोना के मामले फिर बढ़ेंगे और सरकार कड़े प्रतिबंध लागू करेगी, लेकिन फिर भी उन्होंने रेस्टोरेंट बंद होने के बाद एक कपड़े की दुकान शुरू की और एक स्पेयर्स पार्ट्स की दुकान खोली। कोरोना की दूसरी लहर में सरीन को बड़ा झटका लगा, जब सरकार ने रेस्टोरेंट को बंद करने का आदेश दिया। इससे उनकी आमदनी प्रभावित हुई। इस दौरान सरीन ने दूसरों से पैसे उधार लेना शुरू कर दिया। साथ ही गहने तक गिरवी रख दिए। उसके बावजूद भी आर्थिक संकट गहराता गया।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications