Kerala में मानवता हुई शर्मसार! गे डेटिंग ऐप से दोस्ती फिर दो साल तक नाबालिग का यौन शोषण, आखिर कैसे खुला राज?
Kerala Minor Rape Case: केरल के कासरगोड ज़िले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 साल के एक किशोर के साथ पिछले दो वर्षों से लगातार यौन शोषण किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक स्थानीय नेता, दो सरकारी कर्मचारी और एक फ़ुटबॉल कोच शामिल हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने लड़के से संपर्क करने के लिए एक गे डेटिंग ऐप का इस्तेमाल किया था।कासरगोड पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़का कक्षा 10 का छात्र है। करीब दो साल पहले उसने मोबाइल पर एक पॉपुलर डेटिंग ऐप डाउनलोड किया। इसी ऐप के जरिए उसकी मुलाकात कई लोगों से हुई।

शुरुआत में बातचीत दोस्ती तक सीमित रही, लेकिन बाद में आरोपियों ने उसे प्यार के झांसे और पैसों के लालच में फंसा लिया। धीरे-धीरे वह उनके जाल में उलझता चला गया और अलग-अलग जिलों-कासरगोड, कन्नूर, कोझिकोड और एर्नाकुलम-में कई बार यौन शोषण का शिकार हुआ।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
यह मामला तब सामने आया जब एक दिन लड़के की मां अचानक घर पहुंचीं और उन्होंने एक अजनबी शख्स को घर से भागते हुए देखा। शक होने पर जब उन्होंने बेटे से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आया। घबराई मां ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
लड़के के बयान के आधार पर पुलिस ने अब तक 14 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। सभी केस POCSO एक्ट, 2012 के तहत दर्ज हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि 14 आरोपी पिछले दो वर्षों में अलग-अलग मौकों पर पीड़ित का शोषण कर चुके हैं।
SIT कर रही है जांच
कासरगोड पुलिस प्रमुख विजय भारत रेड्डी ने बताया कि एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है, जिसमें डिप्टी एसपी और चार इंस्पेक्टर शामिल हैं। SIT ज़िले के भीतर हुई 8 घटनाओं की जांच कर रही है, जबकि बाकी मामलों को कोझिकोड और कन्नूर ज़िलों की पुलिस देख रही है।
आरोपी कौन हैं?
अब तक सामने आए आरोपियों की उम्र 25 से 51 साल के बीच है। इनमें से एक रेलवे कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस को शक है कि आरोपियों की संख्या और भी हो सकती है। वहीं, गिरफ्तार 9 आरोपियों से पूछताछ जारी है और बाकी की तलाश में छापेमारी हो रही है।
पुलिस अब उस डेटिंग ऐप की भी जांच कर रही है, जिसके जरिए आरोपी पीड़ित तक पहुंचे। यह देखा जा रहा है कि ऐप पर उम्र की पुष्टि (age verification) और सुरक्षा मानकों को लेकर कोई खामियां तो नहीं रहीं, जिनकी वजह से नाबालिग का शोषण संभव हुआ।
इस सनसनीखेज मामले ने पूरे केरल को हिला कर रख दिया है। लोगों में आरोपियों के खिलाफ गुस्सा है और वे पीड़ित के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की जाएगी और सुनिश्चित किया जाएगा कि पीड़ित को न्याय मिले।












Click it and Unblock the Notifications