370 दिन में 8600 KM का सफर तय कर मक्का पहुंचा केरल का शख्स, पाकिस्तान में एंट्री के लिए किया 4 महीने इंतजार
हज यात्रा के लिए केरल से पैदल निकला भारतीय युवक शिहाब 370 दिनों की यात्रा करके पवित्र शहर मक्का पहुंच गया है।
कहते हैं कि अगर इंसान ठान ले तो कोई काम मुश्किल नहीं है। इसका उदाहरण केरल के एक युवक ने पेश किया है। केरल के शिहाब छोटूर पैदल 8600 किलोमीटर चलकर मक्का पहुंचे हैं। उन्होंने इस यात्रा को 370 दिनों में पूरा किया।
मलप्पुरम के रहने वाले 30 साल के शिहाब ने 2 जून 2022 से हज के पवित्र शहर मक्का मदीना की यात्रा शुरू की थी। शिहाब 370 दिनों में 8600 किलोमीटर की यात्रा कर अब मुस्लमानों के पवित्र शहर मक्का पहुंचे हैं। इस दौरान वह पाकिस्तान समेत 4 देशों से गुजरे।

शिहाब अपनी पैदल यात्रा के दौरान पाकिस्तान, ईरान, इराक और कुवैत से गुजरे। यात्रा की शुरूआत में शिहाब की पाकिस्तान में जमकर चर्चा हुई। दरअसल वाघा बॉर्डर पर पहुंचने के बाद पाकिस्तान ने शिहाब को वीजा देने से इनकार कर दिया था।
जिसके बाद कुछ पाकिस्तान समाजसेवी उनकी मदद के लिए आगे आए। ट्रांजिट वीजा पाने के लिए उन्हें वाघा के एक स्कूल में 4 महीनों तक इंतजार करना पड़ा। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद शिहाब को पाकिस्तान में एंट्री मिली। फरवरी 2023 में शिहाब ट्रांजिट वीजा पाने में कामयाब रहे।

पाकिस्तान के बाद ईरान, ईराक और कुवैत को पार करके मई के दूसरे सप्ताह में शिहाब ने कुवैत से सऊदी अरब का बॉर्डर पार किया। सऊदी अरब में एंट्री लेने के बाद शिहाब मदीना पहुंचे।
मक्का जाने से पहले शिहाब ने मदीना में 21 दिन बिताए। शिहाब ने मदीना और मक्का के बीच की 440 किलोमीटर की दूरी 9 दिनों में तय किया। शिहाब ने पूरा सफर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भी शेयर किया है।
शिहाब ने अपनी इस यात्रा को अपने यूट्यूब चैनल पर भी शेयर किया है। शिहाब ने अपनी यात्रा में हर उस लम्हे को कैद किया और अपने यूट्यूब पर लोगों के साथ शेयर किया। शिहाब के यूट्यूब पर 1.5 मिलियन फॉलोवर्स हैं। वहीं इंस्टाग्राम पर उनके 5 मिलियन फॉलोवर्स हैं। शिहाब अब अपनी मां के साथ दौबारा हज यात्रा पर आना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications