चाय वाले ने लड़की की तलाश के लिए दुकान के बाहर लगाया बोर्ड, लिखी ऐसी बात कि विदेशों से आ रहे रिश्ते
नई दिल्ली, 1 सितंबर: पहले के जमाने में घर वाले और रिश्तेदार शादी के लिए लड़का-लड़की का रिश्ता खोजकर लाते थे। फिर जमाना थोड़ा बदला और लव मैरिज का ट्रेंड चला। इसके अलावा बहुत सी मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स आईं, जहां आप अपनी पसंद के हिसाब से जीवन साथी खोज सकते हैं। अब केरल के एक शख्स ने इन सब पारंपरिक चीजों को छोड़ लड़की खोजने का एक नायाब तरीका अपनाया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Recommended Video

दूसरी जाति से नहीं दिक्कत
दरअसल वल्लाचिरा इलाके के मूल निवासी 33 वर्षीय एन एन उन्नीकृष्णन बिना किसी मध्यस्थ के जीवन साथी को अपने दम पर खोजना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी दुकान के बाहर एक बोर्ड लगा दिया, जिसमें लिखा था कि 'जीवन साथी की तलाश है। जाति या धर्म कोई मुद्दा नहीं है'। इसके बाद कुछ लोगों ने इसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी, जो काफी वायरल हुई। उन्नीकृष्णन तब ज्यादा हैरान रह गए, जब उनको ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से फोन आए।

पहले थे मजदूर
उन्नीकृष्णन वल्लचिरा ने जिंदगी में कई बुरे अनुभवों का सामना किया है। जिस का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वो एक दिहाड़ी मजदूर हुआ करते थे। उसी दौरान उनके सिर में ट्यूमर हो गया। जिसकी उन्होंने सर्जरी करवाई। सर्जरी तो पूरी तरह से सफल रही, लेकिन फिर उन्होंने मजदूरी छोड़ दूसरा काम करने का सोचा। इस साल फरवरी में उन्होंने अपने घर के पास एक लॉटरी टिकट बेचने की दुकान खोली। जब वो थोड़ी बहुत चलने लगी तो उन्होंने उसी में चाय की दुकान भी खोल दी।

परिवार वाले लाए थे रिश्ते
उन्नीकृष्णन के मुताबिक अब उन्हें एक जीवनसाथी की तलाश है, लेकिन वो मैरिज ब्यूरो या फिर पारंपरिक शैली के माध्यम से ऐसा नहीं करना चाहते हैं। वो अभी रिश्ते का इंतजार कर रहे हैं। उनके परिवार वालों ने भी कुछ रिश्ते खोजे थे, लेकिन वहां पर बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने अपनी चाय की झोपड़ी के सामने एक बोर्ड लगाने का फैसला किया। जिसमें रिश्ते की बात लिखी है।

कई लोग मिलने आएंगे
अब जब शादी का बोर्ड सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पूरे देश से उनके पास मलयाली लोगों के फोन आ रहे हैं। उनमें से कुछ को उन्होंने मिलने के लिए बुलाया है। उन्नीकृष्णन के मुताबिक ज्यादातर लोग जाति और धर्म के नियम को ना मनाने वाली बात की सराहना कर रहे हैं। कुछ लोगों ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से भी उनके पास फोन किया था। साथ ही वो शादी के लिए उनसे बात करना चाहते हैं।

फोन उठाने का टाइम नहीं
उन्नीकृष्णन के मुताबिक आजकल उनके पास इतने ज्यादा फोन आ रहे हैं कि वो उनको जवाब देने के लिए समय नहीं मिल पा रहा है। कुछ अनजान लोग उनकी मदद करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कृष्णन से उनका व्यक्तिगत विवरण भी मांगा। इस पर उन्होंने ऑनलाइन जरिए से मिले लोगों को व्यक्तिगत विवरण देने से मना कर दिया। उनको लगता है कि ऐसा करना सही नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications