Kerala Train Fire: कौन है वो 'सनकी', जिसने चलती ट्रेन को किया था आग के हवाले
Shahrukh Saifi Arrest: केरल में शाहरुख सैफी ने ट्रेन की बोगी को आग के हवाले कर दिया था। जिसको अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

केरल के कोझिकोड में 2 अप्रैल को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक सनकी शख्स ने ट्रेन की बोगी को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल थे। अब मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी की पहचान शाहरुख सैफी के रूप में हुई, जो दिल्ली के शाहीन बाग का रहने वाला है। वो केरल में वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। बाद में केरल पुलिस, महाराष्ट्र एटीएस और केंद्रीय एजेंसियों ने इस मामले को एक साथ सुलझाने की कोशिश शुरू की।
आरोपी को मंगलवार देर रात रत्नागिरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। वो रत्नागिरी सिविल अस्पताल में अपनी चोट का इलाज करवाने गया था, लेकिन वो वहां से भाग निकला। आखिर में उसको एटीएस ने दबोच लिया।
कैसे लगी थी चोट?
शाहरुख ट्रेन को आग के हवाले करने के बाद कूद गया। उस दौरान उसे सिर में चोट लगी। जिसका इलाज करवाने वो गया था। कूदते वक्त आरोपी के कुछ दस्तावेज भी गिर गए, जिसके आधार पर केरल पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस ने उसे ट्रैस किया।
पिता ने कही ये बात
आरोपी के पिता ने बताया कि वो लकड़ी का काम करता है। 31 तारीख को वो चला गया था। उसने कुछ नहीं बताया। उसके बाद से उसका फोन बंद जाने लगा। इस पर 2 अप्रैल को उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि वो साधारण व्यक्ति था, उसका कोई रिकॉर्ड नहीं था।
उन्होंने आगे कहा कि एटीएस और पुलिस उनके घर आई थी। वो जरूरी जानकारी लेकर चले गए। वो मानते हैं कि अगर उनके बेटे ने अपराध किया है, तो उसे सजा दी जाए। उनको अभी तक ये नहीं पता कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
D1 डिब्बे में लगाई थी आग
रेलवे के मुताबिक अलप्पुझा-कन्नूर एक्सप्रेस के डी1 डिब्बे में आरोपी ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई थी। इसमें मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 8 लोग घायल हुए थे। इस गिरफ्तारी के बाद रेल मंत्री ने महाराष्ट्र एटीएस, केरल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को धन्यवाद दिया।












Click it and Unblock the Notifications