केरल: एर्नाकुलम की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक की मौत, 3 घायल
केरल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई।

Kerala Hindi News: केरल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एर्नाकुलम जिले में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्ट्री तहस-नहस हो गई। फिलहाल पुलिस टीम हादसे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक एर्नाकुलम के वरपुझा के पास मुत्तिनाकठ में पटाखा फैक्ट्री स्थित है। वहां पर शाम को साढ़े पांच बजे विस्फोट हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए। आनन-फानन में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। ये तीनों घायल बच्चे बताए जा रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक विस्फोट इतना ज्यादा जोरदार था कि उसकी आवाज 5 किलोमीटर तक सुनाई दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद वहां पर आग लग गई थी। ऐसे में तुरंत पूरे इलाके को खाली करवाया गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही घायलों का इलाज जारी है। अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम मामला दर्ज कर जांच कर रही।
ओडिशा में भी दो की मौत
वहीं दूसरी ओर ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के इच्छापुर में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की खबर है। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि तीन लोग घायल हैं। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि फैक्ट्री में आग लगने की खबर के बाद दमकल टीम पहुंची थी, ऐसे में तुरंत आग पर काबू पा लिया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications