पहले प्यार फिर शादी के लिए दहेज की मांग, इनकार करने पर तोड़ा रिश्ता, अपार्टमेंट में मिली लड़की की लाश
केरला में एक 26 वर्षीय डॉक्टर ने दहेज की मांग के कारण आत्महत्या कर ली। मृतका तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में पीजी की छात्रा थी। छात्रा की मौत के बाद केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग को मामले की जांच करने के बाद रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
मृतका की पहचान शहाना के रूप में हुई है। वो तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग में पीजी की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा कॉलेज के पास ही एक किराए के मकान में रहती थी। मंगलवार सुबह अपार्टमेंट से उसकी लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शहाना के परिजनों ने शादी टूटने को आत्महत्या की वजह बताया है। उनका कहना है कि शहाना कॉलेज के ही एक पीजी डॉक्टर से प्यार करती थी और शादी करना चाहती थी। लेकिन लड़का, जो मेडिकल पीजी डॉक्टर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधि भी था दहेज की मांग कर रहा था।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार लड़का कथित तौर पर सोना, जमीन और बीएमडब्ल्यू कार दहेज के रूप में मांग रहा था। लड़की का परिवार ये सब देने में असमर्थ था। जिस कारण उसने शादी तोड़ दी। शादी टूटने के कारण शहाना सदमे में थी। उसके पिता जो की मिडिल ईस्ट में काम करते थे, उनकी भी मौत कुछ समय पहले हुई थी।
पुलिस अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। केरल महिला आयोग की अध्यक्ष, एडवोकेट सतीदेवी ने शहाना की मां से उनके घर जाकर मुलाकात की। शहाना की मां ने अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई है और मामले की उचित जांच की मांग की है। महिला आयोग इस मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगेगा।
महिला आयोग की अध्यक्ष सतीदेवी ने कहा, "अगर लड़के के परिवार ने दहेज की मांग की है, तो उनके खिलाफ दहेज रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।" राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने भी इस संबंध में मीडिया रिपोर्टों के आधार पर अपने स्तर पर एक मामला शुरू किया है। इस बीच, मेडिकल पीजी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आरोपी डॉक्टर को अपने संगठन के सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications