Kerala: सीपीआई प्रदेश सचिव कनम राजेंद्रन का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
केरल के सीपीआई नेता के राजेंद्रन का निधन हो गया। के राजेंद्रन केरल के प्रदेश सचिव के पद पर थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। राजेंद्रन हृदय और किडनी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार देर शाम कोच्चि के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
कनम राजेंद्रन के निधन पर सीपीआई कार्यकर्ताओं समेत उनके समर्थकों में शोक की लहर है। कनम के निधन पर केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीसन ने सीपीआई के राज्य सचिव कनम राजेंद्रन के निधन पर शोक व्यक्त किया। सतीसन ने कहा कि सीपीआई नेता का निधन पार्टी के आंदोलन और केरल की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है।

कनम राजेंद्रन का जन्म 10 नवंबर 1950 को कोट्टायम जिले के एक गांव कूट्टिकल में हुआ था। कनम 1982 से 1991 तक केरल के वजूर निर्वाचन क्षेत्र विधायक रहे। उन्हें मार्च 2015 में उन्हें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी केरल राज्य परिषद का सचिव चुना गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कनम राजेंद्रन का स्वास्थ्य पिछले दो महीनो से ठीक नहीं चल रहा था। उन्हें 25 अक्टूबर को कई बीमारियों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पैर में एक घाव भी था। डायबटीज के चलते ये घाव ठीक नहीं हो रहा था। संक्रमण बढ़ने के कारण उनका बायां पैर काटना पड़ा। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें हृदय संबंधी समस्याएं भी थीं। वह ठीक होने ही वाले थे, तभी शुक्रवार शाम को उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 30 मिनट पर उनका निधन हो गया।
के राजेंद्रन को 23 साल की उम्र में सीपीआई की युवा शाखा, ऑल इंडिया यूथ फ्रंट (एआईवाईएफ) का राज्य सचिव बनाया गया था। जिसके बाद 28 वर्ष की उम्र वे पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेतृत्व में शामिल किए गए। उनकी मृत्यु ऐसे समय पर हुई है, जब मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में पूरा मंत्रिमंडल राज्य में 'नव केरल सदास' के लिए एकजुट है।












Click it and Unblock the Notifications