'डियर अमिताभ...' ट्रेन में यात्रियों की खचाखच भीड़, वीडियो शेयर कर बच्चन साहब को कांग्रेस ने क्यों किया टैग?
भारतीय रेलवे की हालत किसी से छिपी नहीं है। ट्रेन से यात्रा करने वाले लगभग सभी यात्री इस बात से सहमति जताएंगे की कुछ सालों से ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। पहले लोग मध्यमवर्गीय परिवार पहले एसी 3 टायर की टिकट लेते थे कि यात्रा बजट में भी आ जाए और भीड़ भाड़ से भी बचा जा सके। लेकिन अब एसी डब्बों का हाल भी जनरल जैसा होता जा रहा है। स्लीपर और जनरल कोच की भीड़ की तो बात ही छोड़ दीजिए।
अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार का ध्यान खींचने के लिए एक अनोखी तरकीब निकाली है। केरल कांग्रेस ने यात्रियों से खचाखच भरे एक ट्रेन की बोगी का वीडियो ट्वीट करते हुए सदी के महानायक, अमिताभ बच्चन को टैग किया है। कांग्रेस का तर्क ये है कि केंद्र सरकार केवल सेलिब्रिटीज की बातों पर कान धरती है इसलिए उन्होंने ऐसा किया है।

अपने पोस्ट में केरल कांग्रेस ने वैशाली एक्सप्रेस के डिब्बे की वीडियो शेयर की है। उत्तर भारत की यह ट्रेन बिहार से सहरसा से राजधानी दिल्ली तक आती है। शेयर किए गए वीडियो में यात्रियों से खचाखच भरा ट्रेन का डिब्बा दिख रहा है। जिसमें लोग गर्मी से जूझ रहे थे। वे प्लास्टिक के पंखों के सहारे गर्मी से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में लोग ऊपर की बर्थ के बीच में कपड़े को झूले की तरह बांध कर बैठे हुए हैं। कुछ जमीन पर बैठे हुए हैं तो वहीं तीन लोगों के बैठने की जगह पर 7-8 लोग किसी तरह बैठे हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति जब बर्थ से कपड़ा बांध कर उसमें बैठे एक लड़के से पूछता है कहां जा रहे हो, तो लड़का मुस्कुराते हुए कहता है, "दिल्ली जा रहे हैं। जगह नहीं है इसलिए ऐसे बैठे हैं।"
सभी यात्री बेहाल नजर आ रहे हैं। हाथों में छोटे-छोटे कागज और प्लास्टिक के पंखे लिए थोड़ी राहत पाने की कोशिश में जुटे हैं। वीडियो पर लिखा हुआ है, "वीडियो वैशाली एक्सप्रेस का है।"
वीडियो शेयर करते हुए केरल कांग्रेस ने अमिताभ बच्चन के एक्स हैंडल को टैग करते हुए लिखा, "हमें आपसे एक छोटी सी मदद चाहिए। करोड़ों आम लोग ऐसे ही यात्रा करने को मजबूर हैं। यहां तक कि आरक्षित डिब्बे भी लोगों से खचाखच भरे हुए हैं। उत्तर भारत में तापमान 52°C है और यह वीडियो गोरखपुर का है जहां से यूपी के सीएम आते हैं। पिछले दशक में हमारी आबादी 14 करोड़ बढ़ी और उसी अनुपात में 1000 ट्रेनें जोड़ी जानी चाहिए थीं। हमने बेड़े में कुछ वंदे भारत जोड़े हैं, भले ही उनमें से आधे बहुत कम अधिभोग के साथ चल रहे हैं।"
केरल कांग्रेस ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की आलोचना करते हुए उनके इस समस्या पर ध्यान ना देने की बात कही। पोस्ट में इस बारे में लिखते हुए कि उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को टैग करने का कारण बताते हुए पार्टी ने दावा किया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की पार्टी की प्रार्थना नहीं सुनी।
केरल कांग्रेस ने लिखा, "हमारे सम्मानित टेक्नोक्रेट रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हमारी बहुसंख्यक आबादी के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की हमारी प्रार्थनाओं को मत सुनिए। हालांकि, वह अमीरों और मशहूर हस्तियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर तेजी से प्रतिक्रिया देते हैं, भले ही अनुरोध हैक किए गए ट्विटर अकाउंट को पुनर्प्राप्त करने के बारे में हो।"
केरल कांग्रेस ने केंद्र की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले दशक में देश की आबादी 14 करोड़ बढ़ी है, लेकिन बेड़े में ट्रेनों की संख्या आनुपातिक रूप से नहीं जोड़ी गई है। पार्टी ने कहा, "हमने बेड़े में कुछ वंदे भारत जोड़े हैं, हालांकि उनमें से आधे बहुत कम यात्रियों के साथ चल रहे हैं।"
पार्टी ने इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने के लिए अमिताभ बच्चन के प्रभाव का उपयोग करने की कोशिश की। अमिताभ बच्चन से प्रतिक्रिया की उम्मीद करते हुए केरल कांग्रेस ने आगे लिखा "सामाजिक सरोकारों के प्रति आपके प्रभाव और प्रतिबद्धता को देखते हुए, हम आपसे इस मामले पर ट्वीट करने का अनुरोध करते हैं। आपका समर्थन इन लोगों की दुर्दशा पर आवश्यक ध्यान दिलाने और संभावित रूप से कार्रवाई को प्रेरित करने में मदद कर सकता है।"












Click it and Unblock the Notifications