कोच्चि यूनिवर्सिटी के म्यूजिक कॉन्सर्ट में कैसे मची भगदड़? 4 छात्रों की मौत, 60 घायल, दिए गए जांच के आदेश
Kerala university stampede: केरल के कोच्चि में कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (Cusat) में शनिवार को एनुअल म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान भगदड़ मच गई। जिसमें चार छात्रों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गए। यह घटना सिंगर निकिता गांधी (singer Nikita Gandhi) के म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान हुई। म्यूजिक कॉन्सर्ट ओपन-एयर ऑडिटोरियम में आयोजित की गई थी।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार रात को घटना पर दुख व्यक्त किया और जांच के आदेश दिए हैं। वहीं केरल सरकार ने कुलपति और प्रमुख सचिव से भी जांच रिपोर्ट मांगी है।

भगदड़ के बाद जब, सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए पास के कलामासेरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तो, वहां चार छात्रों, दो लड़कियों और दो लड़कों को मृत घोषित कर दिया गया। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक चार मृतकों में से दो का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
कैसे मची भगदड़?
एक अधिकारी के मुताबिक, ये भगदड़ ओपन-एयर ऑडिटोरियम में आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट के एंट्री और एग्जिट गेट के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि, जो छात्र ऑडिटोरियम में एंट्री ले रहे थे, वे सीढ़ियों से नीचे गिर गए और भीड़ ने उन्हें कुचल दिया। इस दौरान वहां बारिश भी गई थी।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, जब बारिश शुरू हुई तो पीछे के छात्र आगे की ओर भागने लगे। जिससे हालात और बेकाबू हो गए थे। अचानक बारिश की वजह से जो लोग ऑडिटोरियम में किनारे खड़े थे, वो बचने के लिए एक क्षेत्र में चले गए। इसकी वजह से सीढ़ियों पर खड़े लोग नीचे गिर गए और लोग उनके ऊपर से गुजर रहे थे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शंकरन ने कहा कि भगदड़ तब मची जब बारिश होने लगी। उन्होंने कहा, 'कॉन्सर्ट कल (शुक्रवार) शुरू हुआ। म्यूजिक कॉन्सर्ट के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। आज (शनिवार) म्यूजिक का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में आसपास के कॉलेजों के छात्र भी शामिल हुए। दुर्भाग्य से भीड़ बहुत ज्यादा थी। 2,000 से अधिक लोग अंदर आ गए और सीढ़ियों पर भीड़ लग गई।'
केरल के कांग्रेस नेता वी. डी. सतीसन ने कहा है कि, "यह दुर्भाग्यपूर्ण था... 46 लोग अस्पताल में भर्ती हुए, और चार की मौत हो गई... शुरुआती चरण में, चार छात्र बहुत गंभीर थे... अब दो छात्र स्थिर स्थिति में हैं। छोटी सी जगह थी और वहां इतने सारे छात्र आ गए थे। इसकी जांच होनी चाहिए। एक अस्पताल में 46 और एक अन्य अस्पताल में 16 लोग एडमिट हैं। वहीं दो आईसीयू में हैं।''












Click it and Unblock the Notifications