दिल्ली में धमकी अलर्ट के बीच केरल के स्कूल परिसर के बाहर धमाका! पुलिस को मिले विस्फोटक
राजधानी दिल्ली में स्कूलों को लगातार मिल रही बम धमकी के बीच केरल के पलक्कड़ जिले के वडक्कंथरा में बुधवार को एक स्कूल परिसर के बाहर धमाके की खबर आई। पुलिस को स्कूल के बाहर विस्फोटक मिले हैं, जिनके खतरनाक होने की पुष्टि हुई है।
दरअसल, ये डिवाइस (Devices) तब मिले जब 10 वर्षीय छात्र नारायणन ने एक विस्फोटक फेंका, जिसके बारे में संदेह है कि यह जंगली सूअरों को मारने के लिए था। डिवाइस में विस्फोट हो गया, जिससे लड़के और पास में मौजूद 84 वर्षीय महिला लीला को मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जांच के दौरान बाल्टी में रखे मिले विस्फोटक
पुलिस ने बताया कि नारायणन को व्यास विद्या पीडोम प्री-प्राइमरी स्कूल के गेट के पास दोपहर करीब 3.45 बजे विस्फोटक मिले थे। उन्होंने एक डिवाइस जमीन पर फेंक दिया, जो फिर तेज आवाज के साथ फट गया। स्कूल के अधिकारी और निवासी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। जांच करने पर अधिकारियों को एक बाल्टी में रखे चार अतिरिक्त विस्फोटक मिले।
पलक्कड़ उत्तर पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3(A) के तहत जीवन को खतरे में डालने वाले विस्फोट, धारा 4(A) के तहत जीवन और संपत्ति को खतरे में डालने के इरादे से विस्फोटक रखने और किशोर न्याय (बालकों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है, जो बच्चों के प्रति क्रूरता से संबंधित है। प्राथमिकी में कहा गया है कि विस्फोटक मानव जीवन को खतरे में डालने के इरादे से रखे गए थे।
सीसीटीवी फुटेज बरामद
डीएसपी रैंक के अफसर के नेतृत्व में एक टीम मामले की जांच कर रही है। इलाके से सीसीटीवी फुटेज बरामद कर ली गई है और अधिकारी स्कूल परिसर के पास विस्फोटक रखने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरी ओर दिल्ली में लगातार स्कूलों को बम धमाकों की धमकियां मिल रही हैं और अब यह सिलसिला हर दूसरे-तीसरे दिन सामने आने लगा है। गुरुवार यानि आज सुबह भी 6 स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले, जिससे छात्रों और अभिभावकों में डर का माहौल बन गया। इस बीच केरल की घटना ने पेरेंट्स की चिंता को और बड़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications