बहन के साथ मॉल आई एक्ट्रेस से छेड़छाड़, सोशल मीडिया पर बताया क्या हुआ था
नई दिल्ली। केरल की एक युवा अभिनेत्री के साथ शॉपिंग मॉल में दो लोगों ने छेड़छाड़ की और उनसे जबरन बात करने की भी कोशिश की। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर अपने साथ हुए वाकये के बारे में बताया है। अभिनेत्री ने बताया है कि गुरुवार को वो कोच्चि के एक शॉपिंग मॉल में खरीदारी के लिए गई थी। इसी दौरान दो लोगों ने ना सिर्फ लगातार उनका पीछा किया बल्कि कमर पर गलत तरह से हाथ भी रखा।

इंस्टा पर लिखी पोस्ट
शुक्रवार को अपने इंस्टा अकाउंट पर लिखी पोस्ट में अभिनेत्री ने कहा, दो लोगों ने मॉल में मेरा पीछा किया। यहां ज्यादा भीड़ नहीं थी लेकिन ये दोनों लगातार मुझे घूरते रहे। उनमें से एक ने अपना हाथ मेरी कमर के नीचे की तरफ रखा और दबाया। एक बार मुझे लगा कि शायद ये गलती से हुआ है लेकिन मैंने पाया कि ये सब इरादे से किया गया। उन्होंने एक तरह से मुझे घेर लिया था लेकिन मैं वहां से निकली।

मेरी बहन भी मेरे साथ थी
एक्ट्रेस ने बताया है कि मेरी बहन भी मेरे साथ थी और उसने भी ये देखा। उसने मुझसे आकर पूछा कि क्या मैं ठीक हूं। मैंने कहा कि ये बहुत अजीब है, कोई इस तरह से कैसे बर्ताव कर सकता है। हम दोनों वहां से चले गए तो ये लोग पीछे-पीछे वेजेटेबल काउंटर तक आ गए। ये लोग मेरे सामने आकर मुझसे मेरे काम और फिल्मों के बारे में पूछने लगे।

एकदम थका सा महसूस कर रही हूं
अभिनेत्री ने बताया है कि इस बार मैंने उन्हें सख्ती से कहा कि वो अपने काम से काम रखें। इसके बाद जब मेरी मां भी आ गईं तो ये तेजी से वहां से निकल गए। एक्ट्रेस ने लिखा है कि ये उनके लिए बड़ा ही खराब अनुभव रहा। वो खुद को एक लड़की होने के नाते एकदम थका सा महसूस कर रही हैं। उन्होंने सवाल किया है कि आखिर किसी लड़की से कोई ऐसे बदतमीजी कैसे कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications