ऑडियो टेप पर मचा घमासान: कांग्रेस का आरोप- विधायकों को खरीदना चाहते हैं येदुरप्पा
नई दिल्ली। कर्नाटक में कथित ऑडियो टेप जारी होने के बाद सियासत गरमा गई है। शनिवार सुबह कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और पीएम मोदी पर कई आरोप लगाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने की कोशिश हो रही है। ऑडियो टेप का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बीएस येदुरप्पा हमारे विधायकों को 10 करोड़ रु ऑफर कर रहे हैं, विधायकों के चुनावी खर्च की बात हो रही है।

कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप
बीजेपी पर सरकार गिराने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि खुलेआम संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि येदुरप्पा विधायकों को इस्तीफे के बाद चुनावी खर्च देने की बात भी कर रहे हैं। उन्होंने स्पीकर को विधायकों की सदस्यता रद्द ना करने के लिए 50 करोड़ रु ऑफर किए थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी औऱ अमित शाह कर्नाटक की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
कर्नाटक के इस खेल में पीएम मोदी-शाह भी शामिल- कांग्रेस
कर्नाटक सीएम एचडी कुमारस्वामी और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा उनके विधायकों को लालच देकर और डराकर सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कर्नाटक में सरकार गिराने को लेकर चल रहे इस खेल में अब पीएम मोदी और अमित शाह के शामिल होने का संदेह नहीं, पूरा यकीन हो गया है। वहीं, रणदीप सुरजेवाला ने भी बीजेपी पर आरोप लगाए और कहा कि पीएम मोदी बताएं कि 200 करोड़ का ऑफर कहां से दिया जा रहा था? क्या सुप्रीम कोर्ट बीजेपी की जेबी दुकान बन गया है?

ऑडियो टेप जारी होने के बाद गरमाई सियासत
शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा कह रही है कि वे विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार को 50 करोड़ रुपए देंगे। कुमारस्वामी ने एक ऑडियो भी जारी किया जिसमें कथित तौर पर येदियुरप्पा एक विधायक को रुपए और मंत्रिपद की पेशकश कर रहे हैं। ऑडियो टेप जारी होने के बाद अब कर्नाटक में घमासान मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications