KBC-11: अमिताभ ने दिव्या से पूछा, जीती हुई रकम का क्या करोगी? जवाब सुनकर बिग बी हुए हैरान
नई दिल्ली। सोनी एंटरटेंमेंट के लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 11वें सीजन में दिल्ली की दिव्या अदलखा को हॉटसीट पर बैठने का मौका मिला। दिव्या 'कौन बनेगा करोड़पति' में 25 लाख रु जीतने में कामयाब हुईं। शो के दौरान होस्ट अमिताभ बच्चन से बात करते हुए दिव्या ने अपने बारे में कई बातें बताईं। वहीं, जब अमिताभ बच्चन ने पूछा कि वे जीती हुई रकम का क्या करेंगी? तो उनका जवाब सुनकर बिग बी भी एक बार हैरान रह गए।

जीती हुई रकम का वे क्या करेंगी? दिव्या ने दिया ये जवाब
कौन बनेगा करोड़पति में मंगलवार को 40 हजार रु जीतने वाली दिव्या ने बुधवार को इससे आगे खेलना शुरू किया और शो में कुल 25 लाख रुपए जीते। शो के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने दिव्या से पूछा कि जीती हुई रकम का वह क्या करेंगी तो उन्होंने कहा कि वे इस राशि में से थोड़े से पैसे दान करेंगी और बाकी पैसों से अपनी मम्मी को घर दिलाएंगी।

दिव्या ने केबीसी में जीते 25 लाख रु
दिव्या अपनी चारों लाइफलाइंस का इस्तेमाल कर 25 लाख रु के सवाल तक पहुंचीं। दिव्या से अमिताभ बच्चन ने 50 लाख रुपए का सवाल पूछा कि 'रौजा-ए-मुनव्वरा' किस मुगल इमारत को कहा जाता है। इसके लिए उन्हें चार ऑप्शन दिए गए। ये ऑप्शन थे- चीनी का रौजा, हुमांयू का मकबरा, ताजमहल और शालीमार बाग। दिव्या अदलखा इस सवाल के सही जवाब को लेकर कन्फ्यूज नजर आईं और उन्होंने यहीं पर गेम क्विट कर दिया। इसके साथ ही वे 25 लाख रु लेकर गेम से बाहर हो गईं। इस सवाल का सही जवाब था- ताजमहल

तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हैं दिव्या
दिव्या ने पिता के गुजरने के बाद बड़ी हिम्मत के साथ अपनी मां और पूरे घर को संभाला। दिव्या तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने डीयू के हंसराज कॉलेज से साल 2015 में बीकॉम की डिग्री हासिल की। आईटीओ में ईएसआई अस्पताल के हेडक्वार्टर में अपर डिवीजन क्लर्क के तौर पर कार्यरत दिव्या सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेती हैं। वे साल 2016 से हमदर्द नाम से एनजीओ चला रही हैं। दिव्या की हिम्मत और उनके जज्बे से अमिताभ बच्चन खासे प्रभावित हुए।












Click it and Unblock the Notifications