बेंगलुरु बंद: प्रशासन का आदेश- शहर के स्कूलों में मंगलवार को छुट्टी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Kaveri River water dispute: कावेरी जल विवाद पर राजनीति काफी ज्यादा गर्मा गई है। इसको लेकर कई संगठनों ने मंगलवार को बेंगलुरु बंद का आह्वान किया है। जिसको देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही स्कूलों को भी बंद करवा दिया गया, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी ना हो।
मामले में बेंगलुरु (शहरी) के डिप्टी कमिश्नर केए दयानंद ने कहा कि बेंगलुरु बंद को देखते हुए सभी स्कूलों में 26 सितंबर को छुट्टी का ऐलान किया गया है। स्कूलों से कहा गया है कि वो इसकी सूचना छात्रों को दे दें। अगर कोई इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने प्रदर्शन पर लगाई रोक
वहीं कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बेंगलुरु सिटी पुलिस के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट/हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार किसी भी बंद/विरोध/जुलूस की अनुमति नहीं है। पूरे शहर में धारा 144 लागू है, ऐसे में 5 या 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है। अगर किसी को पुलिस की मदद चाहिए तो वो 112 डायर करे। इसके अलावा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी।
क्यों किया गया है बंद का आह्वान?
दरअसल सरकार के आदेश पर कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को दिया जा रहा है। इस फैसले का कई किसान और कन्नड़ संगठन विरोध कर रहे। उनको राजनीतिक दलों का भी साथ मिला हुआ है। ऐसे में 26 सितंबर को पूर्ण 'बेंगलुरु बंद' का आह्वान किया गया है।
क्या है बीजेपी का स्टैंड?
कर्नाटक के बीजेपी नेता सीटी रवि ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हमारे राज्य पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने समर्थन की घोषणा की। ऐसे में हम बंद का समर्थन करेंगे। इसके साथ ही हम गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications