Katra Srinagar Vande Bharat: कटरा-श्रीनगर को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जानें क्या है शेड्यूल, रूट-किराया?
Katra Srinagar Vande Bharat Express Train: 6 जून इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। 7 जून 2025 से ट्रेन का सफर यात्रियों के लिए शुरू हो चुका है। यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक चलेगी और दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, चिनाब ब्रिज से होकर गुजरेगी।
खास बात यह है कि यह ट्रेंने दो जोड़ी में चलेंगी। इनका एक मध्यवर्ती ठहराव बनिहाल स्टेशन पर रखा गया है। ये चारों ट्रेनें सप्ताह में छह दिन चलेंगी, यानी एक ट्रेन मंगलवार को नहीं चलेगी और दूसरी बुधवार को। इससे कनेक्टिविटी और ज्यादा सुविधाजनक हो गई है। इस ट्रेन के साथ, 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना को भी पूरी तरह से चालू किया जा रहा है। यह भारत की सबसे चुनौतीपूर्ण और महंगी रेलवे परियोजनाओं में से एक है, जिसकी कुल लागत करीब ₹43,000 करोड़ है। आइए जानते हैं क्या होगा शेड्यूल?

पहली जोड़ी:ट्रेन नंबर 26401/26402
- 26401 ट्रेन सुबह 8:10 बजे कटरा से रवाना होती है, 9:58 बजे बनिहाल में रुकती है और 11:08 बजे श्रीनगर पहुंचती है।
- वापसी में ट्रेन नंबर 26402 दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से रवाना होती है, 3:10 बजे बनिहाल से गुजरती है और शाम 4:48 बजे कटरा पहुंचती है।
- इस जोड़ी की ट्रेनें मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती हैं।

दूसरी जोड़ी:ट्रेन नंबर 26404/26403
- 26404 ट्रेन सुबह 8:00 बजे श्रीनगर से रवाना होती है, 9:02 बजे बनिहाल में रुकती है और 10:58 बजे कटरा पहुंचती है।
- वापसी में ट्रेन नंबर 26403 दोपहर 2:55 बजे कटरा से रवाना होती है, 4:40 बजे बनिहाल रुकती है और शाम 5:53 बजे श्रीनगर पहुंचती है।
- ये ट्रेनें बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेंगी।
हर रूट पर एक सुबह और एक दोपहर की ट्रेन सेवा दी जा रही है, जिससे यात्रियों के पास समय के हिसाब से विकल्प भी होंगे। बनिहाल जैसे प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट पर ठहराव होने से यह सेवा और भी व्यावहारिक बन गई है।
एक टिकट में पूरी यात्रा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फरवरी में जानकारी दी थी कि यात्री IRCTC के जरिए एक ही टिकट बुक कर सकते हैं, जिसमें दिल्ली से कटरा और कटरा से श्रीनगर की ट्रेनें शामिल होंगी। इसका मतलब है कि अलग-अलग बुकिंग की जरूरत नहीं होगी, जिससे यात्रा ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।
सुरक्षा जांच होगी सख्त
- इस रूट पर यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को कई स्तरों पर सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
- दिल्ली या किसी भी स्टेशन से चढ़ते समय व्यक्तिगत तलाशी और सामान की स्कैनिंग की जाएगी।
- कटरा स्टेशन पर उतरने के बाद, प्रस्थान लाउंज में फिर से सामान की जांच होगी और दूसरी ट्रेन में बैठने से पहले एक और तलाशी ली जाएगी। ये व्यवस्था घाटी की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए की गई है।
केवल दिन में ही चलेंगी ट्रेनें
कश्मीर में ट्रेनें सिर्फ दिन के समय चलेंगी। शाम के बाद घाटी में कोई ट्रेन सेवा नहीं होगी। यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है।
कितना लगेगा किराया?
श्रीनगर से कटरा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस में दो तरह की क्लासेस उपलब्ध हैं-
- चेयर कार (CC): ₹715
- एग्जीक्यूटिव चेयर कार (EC): ₹1320
ये किराए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और यात्रा तिथि के अनुसार थोड़े-बहुत बदल सकते हैं।
क्या खास है इस प्रोजेक्ट में?
यह प्रोजेक्ट 36 सुरंगों और 943 पुलों से होकर गुजरता है। इसमें भारत की सबसे लंबी रेल सुरंग (T-50, 12.7 किमी) और दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल (चिनाब ब्रिज) शामिल है। इसके अलावा, भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज (अंजी ब्रिज) भी इसी ट्रैक पर है।
यह वंदे भारत एक्सप्रेस खासतौर पर कश्मीर की सर्द जलवायु के लिए डिज़ाइन की गई है। इसमें हीटेड विंडस्क्रीन, थर्मली इंसुलेटेड टॉयलेट्स और शून्य से नीचे के तापमान में काम करने वाला हीटिंग सिस्टम है।
क्या बदलेगा इससे?
इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से कश्मीर की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा। अब सेब, केसर, और हस्तशिल्प जैसे स्थानीय उत्पाद देशभर में तेजी से पहुंचाए जा सकेंगे। गुलमर्ग और पहलगाम जैसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन तक भी यात्रा आसान होगी। साथ ही मेडिकल, एजुकेशन और बिजनेस के लिए भी कश्मीर से बाहर जाना पहले से काफी आसान होगा।
कैसी है सुरक्षा और संचालन?
श्रीनगर तक वंदे भारत सेवा फिलहाल कटरा से चलाई जा रही है, क्योंकि जम्मू तवी स्टेशन पर काम चल रहा है। ट्रेनें सिर्फ दिन में चलेंगी और यात्रियों को कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। दिल्ली से श्रीनगर के लिए टिकट बुकिंग एकसाथ की जा सकेगी लेकिन ट्रेन कटरा में बदली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications